सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर कर रही काम: विजय सिन्हा

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के बड़हिया प्रखंड में जनसंवाद कार्यक्रम किया

By Rajeev Murarai Sinha Sinha | January 4, 2026 6:42 PM

-जनसंवाद के दौरान विकसित बिहार का दोहराया संकल्प, -अपराध व भ्रष्टाचार पर सख्ती का किया ऐलान बड़हिया. बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के बड़हिया प्रखंड में जनसंवाद कार्यक्रम किया. प्रखंड केअंतर्गत पाली गांव सहित सरौरा, फदरपुर, कमरपुर, भानपुर, नथनपुर, तुर्केजनी, वीरुपुर, निजाय, जखौर समेत अन्य गांवों में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद किया. इस दौरान उन्होंने जनता से मिले जनादेश के लिए आभार प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन आधारित विकसित बिहार के निर्माण का संकल्प दोहराया. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के माध्यम से घर-घर जनकल्याण संवाद की शुरुआत की गयी है, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके. उन्होंने बताया कि भूमि विवादों के निपटारे, भू-माफियाओं पर प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई तथा सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सभी अभियानों को 14 जनवरी (मकर संक्रांति) तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इसकी साप्ताहिक समीक्षा की जायेगी. साथ ही गरीब व जरूरतमंद परिवारों को सरकारी भूमि उपलब्ध कराने तथा आवास निर्माण में हरसंभव सहायता देने का भरोसा भी दिया. विपक्ष पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस पर जंगलराज और सामाजिक विद्वेष फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने रामायण की कालनेमि प्रसंग का उल्लेख करते हुए जनता से विकास विरोधी शक्तियों से सतर्क रहने की अपील की. आगामी पंचायत चुनावों को लेकर उन्होंने एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा, विकास और सुशासन ही एनडीए की पहचान है. कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, जिला महामंत्री सनोज साहू, हिमांशु पटेल, मंटु नटराज, बड़हिया ग्रामीण मंडल अध्यक्ष शंकर महतो, बड़हिया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मोनी जी, स्थानीय जनप्रतिनिधि विजय महतो सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है