रिश्तेदार को ट्रेन पर चढ़ाने गये युवक की चलती ट्रेन से गिरकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

Railway Accident: रिश्तेदार को किऊल स्टेशन पर ट्रेन चढ़ाने पहुंचे युवक की चलती ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गयी. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी.

By AMIT KR SINHA | June 28, 2026 1:33 PM

लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट

Railway Accident: लखीसराय जिले के किऊल रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि युवक अपने परिजन को ट्रेन में बैठाने स्टेशन पहुंचा था. ट्रेन खुलने के बाद चलती ट्रेन से उतरने के दौरान वह गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

किऊल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर मिला युवक

जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम किऊल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन स्थित इंक्वायरी काउंटर के पास एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ामिला. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची.

रेलवे पुलिस ने तत्काल युवक को उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

Railway Accident: रिश्तेदार को ट्रेन पर चढ़ाने पहुंचे थे अभिषेक

मृतक की पहचान मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र के मानिकपुर कसवा निवासी सतपाल सिंह के 23 वर्षीय पुत्र अभिषेक आनंद के रूप में हुई है.

परिजनों के अनुसार अभिषेक अपने एक रिश्तेदार को ट्रेन पर चढ़ाने के लिए किऊल रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. ट्रेन खुलने के बाद वह चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास कर रहे थे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े.

गंभीर चोट लगने से चली गयी जान

चलती ट्रेन से गिरने के कारण युवक को गंभीर चोटें आई थीं. रेलवे पुलिस और आरपीएफ की तत्परता के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और सदर अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.

आरपीएफ और जीआरपी ने शुरू की जांच

किऊल आरपीएफ और जीआरपी ने घटना को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है.

चलती ट्रेन से उतरना या चढ़ना बन सकता है जानलेवा

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें.थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.

ये भी पढ़े : धोरैया में बारिश ने बरपाया का कहर, ठनका की चपेट में आकर 3 महिलाएं झुलसीं

ये भी पढ़े : बिना वैध वीजा के भारत में रह रहे बांग्लादेशी दंपती बांका के जमदाहा ठाकुरबाड़ी से गिरफ्तार