12 सूत्री मांगों को लेकर ममता ने सीएस को दिया आवेदन

सदर अस्पताल सहित जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्र में तैनात ममता ने गुरुवार को श्रमिक संगठन के राष्ट्रव्यापी हड़ताल का समर्थन करते हुए अपनी 12 सूत्री मांग से समर्थित पत्र सीएस को सौंपा

By Rajeev Murarai Sinha Sinha | February 12, 2026 6:03 PM

श्रमिक संगठन के राष्ट्रव्यापी हड़ताल का किया ममता ने समर्थन

लखीसराय

सदर अस्पताल सहित जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्र में तैनात ममता ने गुरुवार को श्रमिक संगठन के राष्ट्रव्यापी हड़ताल का समर्थन करते हुए अपनी 12 सूत्री मांग से समर्थित पत्र सीएस को सौंपा. बिहार राज्य ममता कार्यकर्ता संबद्ध बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ सीटू के जिला संयोजक रीना कुमारी ने बताया कि उन्होंने चार श्रम कोड को बिहार सरकार के द्वारा लागू नहीं करने, ममता कार्यकर्ता के बकाया प्रोत्साहन राशि के भुगतान के लिए पर्याप्त आवंटन भेजने, महा दलित परिवार की ममता कार्यकर्ता को बकाया प्रोत्साहन राशि का अविलंब भुगतान करते हुए उनके प्रोत्साहन राशि का प्रतिमाह के अंतिम तिथि को भुगतान करना सुनिश्चित करने, सरकारी सेवक घोषित करने, जब तक सरकारी सेवक घोषित नहीं किया जाता तब तक 45वें एवं 46वें श्रम सम्मेलन के अनुशंसा के आलोक में 26 हजार रुपये न्यूनतम पारिश्रमिक भुगतान सुनिश्चित करने, सेवानिवृत्ति के बाद 10 हजार रुपये पेंशन एवं अत्यंत सेवांत का लाभ उपलब्ध कराने, छह सौ रुपये सामूहिक प्रति प्रसव के जगह 10 हजार रुपये महीना मानदेय का भुगतान करने, स्वास्थ्य संस्थान में बेगार कार्य करने की प्रथा पर रोक लगाने, आवंटित कार्य के अलावा दूसरा कार्य करने वाले पर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई का प्रावधान, कार्य अवधि के दौरान मौत होने पर उनके आश्रित को नौकरी और 10 लाख रुपये मुआवजा देने आदि जैसे मांगों लेकर आवेदन सीएस कार्यालय में दिया है. उन्होंने बताया की मांग पूरी नहीं होने पर केंद्रीय नेतृत्व के समर्थन में आंदोलन को व्यापक रूप देंगे. मौके पर सोनी कुमारी, विमली देवी, रानी कुमारी, रंकी देवी, रिंकू कुमारी, किरण कुमारी, आशा कुमारी, गुड़िया कुमारी, प्रतिमा कुमारी एवं लक्ष्मी कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद थीं.-