भरन-पोषण की जमीन को लेकर परिवार में मारपीट, मां समेत तीन घायल

Land Dispute: लखीसराय के हलसी थाना क्षेत्र के बरुई गांव में भरन-पोषण के लिए छोड़ी गई जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद हिंसक हो गया. मारपीट में वृद्ध मां सहित तीन लोग घायल हो गए, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है.

By Pintu Pranav | June 29, 2026 11:31 AM

हलसी (लखीसराय) से केशव कुमार की रिपोर्ट

Land Dispute: हलसी थाना क्षेत्र के बरुई गांव में संपत्ति और भरन-पोषण के लिए छोड़ी गई जमीन को लेकर दो भाइयों के परिवार के बीच विवाद मारपीट में बदल गया. घटना में 60 वर्षीय महिला समेत तीन लोग घायल हो गए. पीड़ित पक्ष ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस ने आवेदन मिलने पर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

जमीन के विवाद ने लिया हिंसक रूप

स्थानीय थाना क्षेत्र के बरुई गांव में सोमवार को पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. भरन-पोषण के लिए अलग रखी गई जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. घटना में मां समेत तीन लोग घायल हो गए.घायलों की पहचान बरुई गांव निवासी 60 वर्षीय वसंती देवी, धर्मेंद्र यादव की पत्नी निर्मला देवी तथा धर्मेंद्र यादव के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हलसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

पहले हो चुका था संपत्ति का बंटवारा

Land Dispute: घायल वसंती देवी ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं और तीनों के बीच पहले ही आपसी सहमति से संपत्ति का बंटवारा हो चुका था. बंटवारे के दौरान 16 कट्ठा जमीन माता-पिता के भरन-पोषण के लिए अलग रखी गई थी. वर्तमान में वह अपने पति के साथ बड़े बेटे धर्मेंद्र यादव के घर पर रहती हैं.उन्होंने आरोप लगाया कि इसी जमीन को लेकर मंझले बेटे रविंद्र यादव और उनकी पत्नी ने विवाद शुरू कर दिया. कहासुनी के दौरान दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. बीच-बचाव करने पहुंचे धर्मेंद्र यादव और उनकी पत्नी निर्मला देवी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे तीनों घायल हो गए.

ग्रामीणों ने कराया बीच-बचाव

मारपीट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया. इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.ग्रामीणों का कहना है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो सोमवार को हिंसक झड़प में बदल गया.

पुलिस ने जांच का दिया भरोसा

घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पीड़ित पक्ष ने दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

ALSO READ: कस्बा पंचायत में सड़क पर हुई ग्रामसभा, पंचायत सरकार भवन नहीं बनने से ग्रामीणों में आक्रोश