चानन. प्रखंड के राज संपोषित उच्च विद्यालय मननपुर बाजार में जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण व आवास गणना’ को लेकर प्रगणक व सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को शुरू हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ प्रिया कुमारी, नोडल सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) शिक्षा विभाग दुर्गा प्रसाद यादव, ट्रेनर राकेश कुमार यादव, मुकेश कुमार, अभिषेक कुमार, रंजीत कुमार, कंप्यूटर शिक्षक आनंद प्रकाश, जितेंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. बीडीओ प्रिया कुमारी ने कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण व संवेदनशील दायित्व है, जिसे चरणबद्ध तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना है. उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिया कि वे मकानों की सूची, मकानों के प्रकार व सुविधाओं जैसे पानी, बिजली, शौचालय आदि से संबंधित सटीक जानकारी एकत्र करें. नोडल पदाधिकारी दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारी को व्यवहार में उतारते हुए पूरी पारदर्शिता व सतर्कता के साथ कार्य करें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो.