हलसी बाजार में पेयजल और शौचालय का अभाव, 61 गांवों के लोगों को हो रही परेशानी

Drinking Water Crisis: हलसी बाजार, जो आसपास के 61 गांवों का प्रमुख व्यापारिक और प्रशासनिक केंद्र है, वहां पेयजल एवं सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है.

By Pintu Pranav | June 25, 2026 12:26 PM

हलसी (लखीसराय ) से केशव कुमार की रिपोर्ट

Drinking Water Crisis: हलसी प्रखंड मुख्यालय स्थित हलसी बाजार में पेयजल और सार्वजनिक शौचालय का अभाव स्थानीय लोगों और बाजार आने वाले ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बना हुआ है. आंबेडकर चौक के आसपास का यह इलाका 61 गांवों के लोगों के लिए प्रमुख बाजार केंद्र है, जहां प्रतिदिन खरीदारी, बैंकिंग कार्य और सरकारी कार्यालयों के काम से काफी संख्या में लोग पहुंचते हैं.

गर्मी में बढ़ी परेशानी

भीषण गर्मी के बीच पीने के पानी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. बाजार आने वाले लोगों को दुकानदारों से पानी मांगकर प्यास बुझानी पड़ती है. कई बार दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को घंटों बाजार में रुकना पड़ता है, लेकिन मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं.

महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी

सार्वजनिक शौचालय नहीं होने का सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ रहा है. उन्हें बाजार में लंबे समय तक रहने के दौरान असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि शौचालय के अभाव से महिलाओं की गरिमा और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं.

वर्षों से खराब पड़ा है चापाकल

स्थानीय नागरिकों के अनुसार आंबेडकर चौक के पास लगा सरकारी चापाकल कई वर्षों से खराब पड़ा हुआ है. इसकी मरम्मत को लेकर कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है.

दुकानदारों ने भी उठाई मांग

Drinking Water Crisis: फल विक्रेता प्रमोद चौधरी और सब्जी विक्रेता सूरज पासवान ने बताया कि बाजार में पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की मांग लंबे समय से की जा रही है. इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है.

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों और व्यवसायियों ने जिला प्रशासन से आंबेडकर चौक के समीप सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराने तथा खराब चापाकल की तत्काल मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि इससे बाजार आने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी.

ALSO READ: मंडी में थमी उतार-चढ़ाव की रफ्तार, देखें मक्का, गेहूं और दालों के दाम