बीपीआरओ का वाहन चोरी, सीसीटीवी में मामला कैद

जिले के कवैया थाना क्षेत्र से महज लगभग दो सौ मीटर दूरी पर स्थित कुशवाहा मार्केट के पास से मंगलवार की देर रात अरियरी प्रखंड के बीपीआरओ का वाहन चोरी हो गया

By Rajeev Murarai Sinha Sinha | February 11, 2026 6:20 PM

शेखपुरा जिला के अरियरी प्रखंड में कार्यरत हैं बीपीआरओ अलका कुमारी

लखीसरायजिले के कवैया थाना क्षेत्र से महज लगभग दो सौ मीटर दूरी पर स्थित कुशवाहा मार्केट के पास से मंगलवार की देर रात अरियरी प्रखंड के बीपीआरओ का वाहन चोरी हो गया, जिसको लेकर वाहन मालिक द्वारा प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. दर्ज प्राथमिकी में नया बाजार कवैया रोड काली स्थान के समीप निवासी वाहन मालिक आलोक कुमार की पत्नी काजल कुमारी ने बताया कि वाहन संख्या बीआर 01 एचएच 4752 स्कार्पियो जो कुशवाहा मार्केट पास 10 फरवरी की रात खड़ी किया. वहीं 11 फरवरी की सुबह को जब चालक वाहन की साफ-सफाई करने पहुंचा, तो गाड़ी गायब पाया तथा काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिला.

बीपीआरओ को भाड़े पर दे रखा था वाहन

आलोक कुमार स्कार्पियो खरीदकर अपनी बहन अलका कुमारी जो शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, को भाड़े पर दे रखा था. बीपीआरओ प्रत्येक दिन इसी वाहन से प्रखंड मुख्यालय जाती थीं और रात में वाहन को कुशवाहा मार्केट में लगा देती थी. हालांकि मार्केट के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में उनके वाहन के पास एक छोटी चार पहिया वाहन आकर खड़ी होती और उससे दो-तीन लोग उतरते हैं और उनके लगी स्कार्पियो वाहन को ले जाते देखा जा रहा है.

कहते हैं थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की जा रही है, जल्द से वाहन को बरामद कर दोषी को गिरफ्तारी किया जायेगा.