रोजगार मेला में 541 युवाओं ने कराया निबंधन, 359 चयनित

दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत शुक्रवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया

By Rajeev Murarai Sinha Sinha | February 27, 2026 6:54 PM

सूर्यगढ़ा. दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत शुक्रवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया. जीविका की उओर से आयोजित इस मेले का उद्घाटन डीएम मिथिलेश मिश्र व डीडीसी सुमित कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. मेले में कुल 541 बेरोजगार युवक-युवतियों ने निबंधन कराया, जिनमें से 359 अभ्यर्थियों का रोजगार व प्रशिक्षण के अगले चरण के लिए चयन किया गया. डीएम ने अपने संबोधन में युवाओं से इस तरह के मेलों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से मिली राशि का उपयोग अपने हुनर के अनुरूप स्वरोजगार में करने का सुझाव दिया. मेले में सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, मशीन ऑपरेटर, रिटेल, लॉजिस्टिक स्टाफ, डाटा ऑपरेटर व फॉर्मा समेत विभिन्न पदों के लिए चयन व मार्गदर्शन किया गया, आठवीं पास से लेकर स्नातक तक के अभ्यर्थियों ने भाग लिया. मेले में टाटा मोटर्स, एयरटेल पेमेंट बैंक, एसआइएस सिक्योरिटी, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, विजन इंडिया, डीसीएम टेक्सटाइल्स, एल एंड जे स्किल्स, ब्लिंकिट व एलआईसी सहित 10 कंपनियों ने स्टॉल लगाकर युवाओं को रोजगार संबंधी जानकारी दी. कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय समन्वयक राकेश पोद्दार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रखंड परियोजना प्रबंधक नवीन कुमार ने किया. जिला परियोजना प्रबंधक अनिता कुमारी सहित अन्य ने जिला पदाधिकारी एवं डीडीसी को पौधा भेंट कर उनका सम्मान किया. मौके पर अंचलाधिकारी स्वतंत्र कुमार, बीपीआरओ मुकेश कुमार समेत जीविका के कई पदाधिकारी व बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद थे.