दिघलबैंक. जिला के मदरसा दारुल हुदा में कार्यरत और राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका शगुफ्ता कुलसुम ने एक बार फिर जिले का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान एनसीईआरटी में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा किया है. यह विशेष प्रशिक्षण अल्पसंख्यक समूहों द्वारा संचालित स्कूलों और मदरसों में समावेशी शिक्षा विषय पर केंद्रित था. शनिवार को शगुफ्ता कुलसुम ने बताया कि एनसीईआरटी के प्रशिक्षण में सीखे गये आधुनिक शैक्षणिक तरीकों को अब मदरसा दारुल हुदा में लागू किया जाएगा. इससे बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना और उन्हें बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना अधिक सरल होगा.