पौआखाली(किशनगंज) से रणविजय की रिपोर्ट.
Thakurganj News: ठाकुरगंज प्रखंड की बंदरझूला पंचायत के लोगों और राहगीरों के लिए राहत भरी खबर है. पंचायत के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर जल्द ही आरओ आधारित शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. 15वीं वित्त आयोग की टाईड योजना के तहत पंचायत के आधा दर्जन प्रमुख स्थानों पर आरओ सिस्टम स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इससे ग्रामीणों, दुकानदारों और प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा.
भट्ठा चौक, जियापोखर हाट समेत कई स्थानों का हुआ चयन
बंदरझूला पंचायत के मुखिया एकरामुल हक ने बताया कि पंचायत के भट्ठा चौक, जियापोखर हाट, बंदरझूला चौक, कद्दूभिट्ठा बाजार सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आरओ सिस्टम लगाए जाएंगे. इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है. बाजार लगने के दिनों में भी यहां काफी भीड़ रहती है, ऐसे में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी.
गर्मी में पानी की समस्या से मिलेगी राहत
मुखिया ने कहा कि पंचायत का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों और राहगीरों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है. गर्मी के मौसम में लोगों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. कई बार बाजार आने वाले लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल पाता. आरओ सिस्टम लगने के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी और लोगों को आसानी से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा.
Thakurganj News: तेजी से आगे बढ़ रही है योजना की प्रक्रिया
पंचायत स्तर पर योजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मुखिया एकरामुल हक ने बताया कि सभी आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. प्रक्रिया पूरी होते ही आरओ सिस्टम की स्थापना का कार्य शुरू कर दिया जाएगा. पंचायत का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जाए.
स्थानीय लोगों ने की पहल की सराहना
पंचायत की इस पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है. ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने से न केवल ग्रामीणों को लाभ मिलेगा, बल्कि बाजार आने वाले लोगों और राहगीरों को भी बड़ी राहत मिलेगी.
ये भी पढ़ें: PMCH मामले में नया मोड़, पूर्व प्रिंसिपल पर विभाग ने लगाए गंभीर आरोप, जांच के आदेश
