ठाकुरगंज (किशनगंज) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट.
Panchayat Vikas Diwas 2026: पंचायत विकास दिवस के अवसर पर ठाकुरगंज प्रखंड की बेसरबाटी ग्राम पंचायत रविवार को लोकतंत्र के सबसे सशक्त मंच में बदल गई. पंचायत भवन में आयोजित ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि अब गांव अपने विकास की दिशा खुद तय करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं. जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने एक साथ बैठकर पंचायत की योजनाओं की समीक्षा की और गांव के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया.
ग्राम सभा बनी विकास की खुली पाठशाला
पंचायत भवन में आयोजित ग्राम सभा के दौरान विकास योजनाओं को लेकर खुली चर्चा हुई. पंचायत राज पदाधिकारी अजीत कुमार ने कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं की वास्तविक सफलता तभी संभव है, जब आम लोग उनकी निगरानी और क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभाएं. उन्होंने ग्रामीणों से ग्राम सभा में नियमित रूप से शामिल होने और पंचायत की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की.
हर पात्र तक योजना का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
मुखिया अनुपमा देवी ने पंचायत में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों के साथ साझा की. उन्होंने कहा कि पंचायत का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने ग्रामीणों से पंचायत के विकास में सहभागी बनने और समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की.
Panchayat Vikas Diwas 2026: आवास, सड़क और नल-जल योजनाओं पर हुई समीक्षा
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, नल-जल योजना, सड़क निर्माण, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई. ग्रामीणों ने भी खुले मंच पर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे. कई ग्रामीणों ने आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत करने की मांग की, जिस पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने समाधान का भरोसा दिलाया.
गांव के भविष्य की नई इबारत लिखने की पहल
ग्राम सभा में पंचायत प्रतिनिधियों, वार्ड सदस्यों, विभिन्न विभागों के कर्मियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही. पंचायत विकास दिवस पर आयोजित यह ग्राम सभा केवल एक औपचारिक बैठक बनकर नहीं रह गई, बल्कि गांव के भविष्य को नई दिशा देने की गंभीर पहल के रूप में उभरी.
ये भी पढ़ें: PMCH मामले में नया मोड़, पूर्व प्रिंसिपल पर विभाग ने लगाए गंभीर आरोप, जांच के आदेश
