मुख्य बातें:
ठाकुरगंज (किशनगंज) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट
Govt School Quarterly Exam: बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा की घड़ी आ गई है. राज्य के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक विद्यालयों (कक्षा 1 से 8) में आगामी 7 जुलाई से प्रथम त्रैमासिक परीक्षा का आयोजन होने जा रहा है. राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी करते हुए किशनगंज सहित सूबे के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार परीक्षा संपन्न कराने का सख्त निर्देश दिया है. यह परीक्षा 13 जुलाई तक पूरी मुस्तैदी के साथ संचालित की जाएगी.
केवल पढ़ाई नहीं, व्यक्तित्व का भी होगा मूल्यांकन
- मल्टी-डाइमेंशनल मार्किंग: इस बार बच्चों का मूल्यांकन केवल उत्तर पुस्तिकाओं के आधार पर नहीं होगा. विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, समयपालन, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, स्वच्छता, खेल-कूद, भाषण, वाद-विवाद, गीत-संगीत और चित्रकला जैसी सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी मार्किंग का मुख्य आधार बनाया गया है.
- मौखिक और लिखित परीक्षा: SCERT के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, कक्षा 1 और 2 के नन्हे विद्यार्थियों का मूल्यांकन पूरी तरह मौखिक (Oral) होगा, ताकि उन पर परीक्षा का मानसिक दबाव न बने. वहीं, कक्षा 3 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी.
- एक समान प्रश्नपत्र: परीक्षा की गोपनीयता और एकरूपता बनाए रखने के लिए सभी प्रश्नपत्र ‘ई-शिक्षाकोष’ डिजिटल पोर्टल के माध्यम से सीधे विद्यालयों तक डाउनलोडिंग के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे.
परीक्षा की विस्तृत विषयवार समय-सारिणी (Exam Schedule)
| परीक्षा की तिथि | निर्धारित विषय एवं मूल्यांकन गतिविधियां |
| 07 जुलाई | अंग्रेजी (कक्षा 3 से 8) |
| 08 जुलाई | विज्ञान एवं संस्कृत |
| 09 जुलाई | गणित |
| 10 जुलाई | सह-शैक्षणिक गतिविधियों का विशेष मूल्यांकन (सामान्य स्कूल) |
| 11 जुलाई | पर्यावरण अध्ययन (EVS) एवं सामाजिक विज्ञान |
| 12 जुलाई | मकतब एवं मदरसा विद्यालयों में सह-शैक्षणिक गतिविधियों का मूल्यांकन |
| 13 जुलाई | मूल भाषा (हिंदी, उर्दू, बांग्ला) एवं अहिंदी भाषियों के लिए हिंदी |
Govt School Quarterly Exam: स्कूल स्तर पर होगा कंप्यूटर और कला का असेसमेंट
शिक्षा विभाग के आदेशानुसार कक्षा 3 में शारीरिक शिक्षा एवं कला, कक्षा 6 में शारीरिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा (वोकेशनल कोर्स), कंप्यूटर विज्ञान व कला तथा कक्षा 7 एवं 8 में कंप्यूटर विज्ञान का प्रैक्टिकल और मूल्यांकन पूरी तरह विद्यालय स्तर पर ही प्रधान शिक्षक की देखरेख में किया जाएगा. इसके साथ ही परीक्षा समाप्त होने के बाद बच्चों द्वारा बनाए गए उत्कृष्ट मॉडल और उनके रचनात्मक कार्यों की प्रदर्शनी भी स्कूल परिसर में लगाई जाएगी ताकि उनकी मेधा को प्रोत्साहित किया जा सके.
त्रैमासिक परीक्षा को लेकर ठाकुरगंज प्रखंड सहित पूरे जिले के सरकारी स्कूलों में प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं. ई-शिक्षाकोष पोर्टल से प्रश्नपत्रों के सुरक्षित सेट तैयार किए जा रहे हैं ताकि 7 जुलाई की सुबह जैसे ही परीक्षा की घंटी बजे, छात्र बिना किसी असुविधा के अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें.
