परबत्ता : नगर पंचायत परबत्ता में सशक्त स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) के गठन को लेकर शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय के सभाकक्ष में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई. निर्वाचन कार्य डीसीएलआर गोगरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, डीपीआरओ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में कराया गया. जानकारी के अनुसार समिति की तीन सीटों के लिए कुल नौ उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे. मतदान एवं मतगणना के बाद वार्ड संख्या 12 के आदित्य कुमार, वार्ड संख्या 4 के राजन कुमार तथा वार्ड संख्या 14 के सरवीन यादव विजयी घोषित किये गये. परिणाम घोषित होते ही समर्थकों व पार्षदों में खुशी की लहर दौड़ गयी. नवनिर्वाचित सदस्यों को पार्षदों एवं समर्थकों ने फूल-माला पहनाकर बधाई दी. नगर पंचायत अध्यक्ष अर्चना देवी एवं उनके प्रतिनिधि रंजीत कुमार ने भी विजयी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की. निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न होने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया.