खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट
SNCU Khagaria Child Death: खगड़िया सदर अस्पताल स्थित स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में शनिवार को इलाज के दौरान छह माह के एक मासूम की मौत हो गई. घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई. मां समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था.
मृत बच्चे की पहचान बेलदौर थाना क्षेत्र के इटमादी गांव निवासी मंचन के छह माह के पुत्र के रूप में हुई है.
जन्म से ही दिल में था छेद
परिजनों ने बताया कि बच्चे के जन्म से ही उसके दिल में छेद (जन्मजात हृदय रोग) था. पिछले छह माह से उसका विभिन्न निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा था. बीते दो दिनों से उसकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी, जिसके बाद शनिवार को गंभीर अवस्था में उसे सदर अस्पताल लाया गया.
एसएनसीयू में चल रहा था इलाज
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्चे को तत्काल एसएनसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया. हालांकि चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान ही मासूम ने दम तोड़ दिया.
परिजनों में मचा कोहराम
मासूम की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में शोक का माहौल छा गया. परिजनों ने बताया कि बच्चे के इलाज के लिए वे लगातार प्रयास कर रहे थे, लेकिन गंभीर बीमारी के कारण उसे बचाया नहीं जा सका.
अस्पताल प्रशासन ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
