चौथम (खगड़िया) से धीरज सिंह बन्टू की रिपोर्ट:
Shrimad Bhagwat Katha Rupni Karua: चौथम प्रखंड की पश्चिमी बौरने पंचायत स्थित रूपनी करुआ में वैदेही सेवा संस्थान एवं भगवती गौ सेवा परिवार के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का बुधवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ शुभारंभ हुआ. आदर्शाचार्य श्रीधाम मिथिला पावन भूमि महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों महिलाओं, कन्याओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. पूरे क्षेत्र में भक्ति गीतों, गाजे-बाजे और जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा.
दुर्गा मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा
कलश शोभायात्रा रूपनी करुआ दुर्गा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ हुई. सिर पर कलश धारण किए श्रद्धालु गाजे-बाजे और भक्ति संगीत के साथ एनएच-107 होते हुए देवका भगवती मंदिर पहुंचे. यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.
वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हुआ कलश पूजन
देवका भगवती मंदिर परिसर में विद्वान आचार्यों एवं पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश में पवित्र जल भरवाया. इसके बाद श्रद्धालु यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां यज्ञ मंडप में विधिवत कलश स्थापना, पूजन-अर्चन और हवन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई.
आज से शुरू होगा श्रीमद्भागवत कथा वाचन
आयोजन समिति ने बताया कि अगले चरण में कथाव्यास मंच का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा. इसके उपरांत आदर्शाचार्य श्रीधाम मिथिला पावन भूमि महाराज के श्रीमुख से नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा. कथा के प्रथम दिन श्रीमद्भागवत महात्म्य का विस्तृत वर्णन किया जाएगा.
ग्रामीणों का मिल रहा भरपूर सहयोग
आयोजन समिति के अनुसार, पूरे धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीण और समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. व्यवस्था में पश्चिमी बौरने पंचायत की मुखिया सोनी देवी, मनोज भारती, सुमित कुमार, दयानंद रजक, विधानंद पासवान, विनोद पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा एवं श्रद्धालु जुटे हुए हैं.
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा श्रवण एवं धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की.
