डीएम के सख्त रुख पर प्रैक्टिकल के नाम पर घूस मांगने वालों पर करायी गयी प्राथमिकी
खगड़िया. शिक्षा विभाग के कोई भी कर्मचारी व पदाधिकारी घूस की मांग करे तो टॉल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखा जायेगा. जिलाधिकारी नवीन कुमार के सख्त आदेश के बाद छात्रों व शिक्षकों की सुविधाओं के लिए टॉल फ्री नंबर 14417 व 18003454417 जारी किया गया है. जिला प्रशासन द्वारा छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव में न आएं. इस प्रकार की अवैध मांग की सूचना तुरंत प्रशासन को दें. प्रशासन द्वारा यह भी आश्वस्त किया गया है कि शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जायेगी. साथ ही उन्हें पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जायेगी. कहा गया कि राज्य के सरकारी विद्यालयों के शिक्षक एवं विद्यार्थियों से उनके विभिन्न कार्यों के लिए यदि शिक्षा विभाग का कोई भी कर्मचारी या पदाधिकारी राशि की मांग करता है या वसूलता है तो इसकी सूचना विभागीय टॉल फ्री नंबर पर दें. इससे संबंधित मामलों में त्वरित संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार या छात्रों के शोषण को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. इस मामले में संबंधित अधिकारियों को निगरानी बनाए रखने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है.