कटिहार से सूरज गुप्ता की रिपोर्ट.
Katihar Police Constable Exam 2026: कटिहार शहर में रविवार को बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई. जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में हजारों अभ्यर्थी शामिल हुए. परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखी गई.
11 बजे के बाद बंद हो गया परीक्षा केंद्र का गेट
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के निर्देशानुसार परीक्षा एक पाली में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित की जा रही है. अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे तक रिपोर्टिंग करने का निर्देश दिया गया था, जबकि सुबह 11 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई. निर्धारित समय के बाद पहुंचे कई अभ्यर्थियों को परीक्षा से वंचित होना पड़ा.
हर परीक्षा केंद्र पर तैनात रहे पुलिस बल
परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त बनाने के लिए सभी 25 केंद्रों पर दंडाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे. जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संचालित की जा रही है.
Katihar Police Constable Exam 2026: इन 25 केंद्रों पर आयोजित हो रही है परीक्षा
कटिहार अनुमंडल क्षेत्र के हरिशंकर नायक प्लस टू उच्च विद्यालय, केबी झा कॉलेज, मैरी इमैक्युलेट स्कूल, माहेश्वरी एकेडमी, सीताराम चमरिया इंटर कॉलेज, मारवाड़ी उच्चतर माध्यमिक पाठशाला, न्यू पैटर्न इंटरनेशनल स्कूल, गांधी उच्च विद्यालय, एएएम चिल्ड्रन्स एकेडमी समेत कुल 25 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है.
कई इलाकों में लगा जाम
परीक्षा के कारण शहर में सुबह से ही चहल-पहल बढ़ गई. शहीद चौक, मंगल बाजार, बड़ा बाजार, मिरचाईबाड़ी, एमजी रोड, न्यू मार्केट रोड और सदर अस्पताल रोड पर यातायात का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी अन्य दिनों की तुलना में काफी अधिक भीड़ देखी गई.
ये भी पढ़ें: मुहर्रम जुलूस में तलवारबाजी के दौरान युवक के सिर में घुसी तलवार, घंटों चला ऑपरेशन
