– 2017 की बाढ़ में क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण से आवागमन होगा सुगम – प्रशासन ने गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने का दिया भरोसा बारसोई बारसोई प्रखंड में लंबे समय से बहुप्रतीक्षित केकरा मनी पुल के पुनर्निर्माण कार्य की शुरुआत होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है. वर्ष 2017 की भीषण बाढ़ में क्षतिग्रस्त होने के बाद से यह पुल आवागमन के लिए बाधित था. आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को दैनिक जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. पुल के क्षतिग्रस्त रहने से खासकर बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकट हो जाती थी. स्कूली बच्चों को विद्यालय जाने में कठिनाई, किसानों को कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में परेशानी, मरीजों को समय पर अस्पताल ले जाने में दिक्कत तथा स्थानीय व्यापार प्रभावित होने से क्षेत्र के विकास पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था. लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा पुल निर्माण की मांग की जा रही थी. ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा क्षेत्रीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया है. कहा, कार्य को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा कराने के लिए नियमित निगरानी की जा रही है. ताकि आमलोगों को शीघ्र राहत मिल सके. पुल निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की नई उम्मीद जगी है. लोगों ने कहा, पुल बन जाने से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी.