Kaimur News : दो बाइकों की टक्कर में शिक्षिका की मौत, पति जख्मी

दो बाइकों की आमने-सामने की जबर्दस्त टक्कर में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार एक महिला शिक्षिका की मौत हो गयी.

By PRABHANJAY KUMAR | September 28, 2025 9:04 PM

चांद. प्रखंड अंतर्गत चांद बाइपास बंगला रोड चौमुहानी पर पुलिया के पास दो बाइकों की आमने-सामने की जबर्दस्त टक्कर में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार एक महिला शिक्षिका की मौत हो गयी. मृत महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के रामगढ़ गांव के राकेश पांडे की पत्नी ममता देवी के रूप में हुई है, उनकी उम्र लगभग 40 वर्ष बतायी जाती है. वह बाइक से कैमूर जिले के मुंडेश्वरी धाम से दर्शन करके अपने गांव लौट रही थी. जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के चंदौली जिला अंतर्गत रामगढ़ गांव के राकेश पांडे की पत्नी ममता देवी मुंडेश्वरी धाम दर्शन करने के लिए पति के साथ बाइक से गयी थी और दर्शन करके वह वापस लौट रही थी, तभी चांद-कर्मनाशा नहर से चांद बाजार के डाक बंगला चौराहा पुलिया के पास एक तेजी से आ रही बाइक से आमने-सामने की भिड़ंत हो गयी, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गयी. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें आनन फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांद भेजा, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. जबकि, उनके पति राकेश पांडे भी घायल हो गये थे, जिनका इलाज किया गया. ममता देवी जिले के दुर्गावती प्रखंड के इटही विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी. उनके दो बेटे हैं, जिसमें एक शिक्षक बताये जाते हैं. इधर, इस संबंध में पूछे जाने पर चांद प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है