महीनों से नल जल योजना बंद, गोरा गांव में गहराया पेयजल संकट

KAIMUR NEWS.प्रखंड क्षेत्र की डेरवा पंचायत अंतर्गत गोरा गांव में स्थापित नलजल योजना बीते कई महीनों से बंद पड़ी है. इसके चलते गांव में गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है.

By VIKASH KUMAR | January 28, 2026 7:02 PM

बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई मरम्मत, ग्रामीणों में आक्रोश फोटो 4 महीनों से बंद पड़ी गोरा गांव की नलजल योजना प्रतिनिधि, कुदरा प्रखंड क्षेत्र की डेरवा पंचायत अंतर्गत गोरा गांव में स्थापित नलजल योजना बीते कई महीनों से बंद पड़ी है. इसके चलते गांव में गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है. शुद्ध पानी के लिए ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित पदाधिकारियों से बार-बार शिकायत करने के बावजूद नलजल योजना को चालू नहीं किया जा रहा है. इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. बारिश के दिनों में अधिकांश चापाकलों से गंदा पानी निकलता है, जिसे पीने से बीमारियों की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने बताया कि नलजल योजना लगे वर्षों बीत गये, लेकिन अब तक अधिकांश घरों तक नियमित रूप से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति नहीं हो सकी है. ग्रामीण सूचित यादव ने बताया कि उनके घर में पिछले करीब छह माह से नलजल का पानी नहीं आ रहा है. इसको लेकर वे कई बार संबंधित पदाधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला.वहीं ग्रामीण उदय यादव व कामेश्वर पासवान का कहना है कि नलजल योजना शुरू होने के कुछ समय तक आसपास के घरों में पानी की आपूर्ति की गयी, लेकिन कुछ ही दिनों बाद यह पूरी तरह ठप हो गयी. तब से आज तक स्थिति जस की तस बनी हुई है.ग्रामीणों का कहना है कि नलजल योजना लगने के बाद कई लोगों ने यह सोचकर चापाकल नहीं लगवाये कि उन्हें शुद्ध पानी की सुविधा मिलेगी, लेकिन योजना बंद रहने से अब पेयजल के लिए भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नलजल योजना चालू कराने की मांग की है.