कैमूर: मोहनिया में मुहर्रम के दौरान बिजली सेवा बाधित रहेगी, प्रशासन ने तय किया शेड्यूल

Kaimur News :  बैठक में मुहर्रम के जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा विद्युत संबंधी संभावित जोखिमों पर विस्तार से चर्चा की गई. इसके बाद एहतियातन बिजली आपूर्ति रोकने का निर्णय लिया गया.

By Rajeev Kumar | June 24, 2026 10:08 AM

कैमूर के मोहनिया से विनोद कुमार सिंह
Kaimur News :  मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मोहनिया शहर में तीन दिनों तक अलग-अलग निर्धारित समय पर बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. यह निर्णय अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में लिया गया.

बैठक में मुहर्रम के जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा विद्युत संबंधी संभावित जोखिमों पर विस्तार से चर्चा की गई. इसके बाद एहतियातन बिजली आपूर्ति रोकने का निर्णय लिया गया.

जानिए… किस दिन कब से कब बंद रहेगी बिजली

  • 25 जून (गुरुवार): शाम 8 बजे से रात 10 बजे तक बिजली बंद रहेगी
  • 26 जून (शुक्रवार): रात 12 बजे से सुबह 10 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी
  • 27 जून (शनिवार): दोपहर 2 बजे से रात 2 बजे तक बिजली बंद रहेगी

बिजली विभाग ने बताया कि ताजिया जुलूस एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है. विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए निर्धारित समय के अनुसार आवश्यक तैयारियां करने को कहा है.

क्या कहते हैं मोहनिया जेई

मोहनिया विद्युत आपूर्ति प्रशाखा के कनीय विद्युत अभियंता श्रीकांत उपाध्याय ने बताया कि मुहर्रम को लेकर तीन दिनों तक निर्धारित समय पर बिजली आपूर्ति बंद रहेगी. उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली बहाल होने के बाद एक साथ अधिक विद्युत भार का उपयोग न करें, क्योंकि इससे ट्रांसफार्मर, केबल और फ्यूज पर दबाव बढ़ सकता है तथा तकनीकी खराबी की संभावना रहती है.

Also Read: ‘भरत तिवारी को SDM ने दी थी जान से मारने की धमकी, इसीलिए खरीदी पिस्टल’, ग्रामीणों ने किए कई खुलासे