Kaimur News : मां मुंडेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचे डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु

शारदीय नवरात्र की षष्ठी तिथि को माता मुंडेश्वरी धाम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का आंकड़ा डेढ़ लाख के पार हो गया.

By PRABHANJAY KUMAR | September 28, 2025 9:09 PM

भगवानपुर. शारदीय नवरात्र की षष्ठी तिथि को माता मुंडेश्वरी धाम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का आंकड़ा डेढ़ लाख के पार हो गया. पूरे दिन मुंडेश्वरी मंदिर व धाम परिसर में खड़े श्रद्धालु माता आदि शक्ति की एक झलक पाने के लिए संघर्ष करते नजर आये. वहीं, दर्शनार्थियों को मंदिर में प्रवेश कराकर पूजा पाठ की प्रक्रिया संपन्न करने के बाद उन्हें बाहर निकलने में ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों को पूरे दिन काफी मशक्कत करनी पड़ी. संस्था के अकाउंटेंट गोपाल कृष्ण ने बताया रविवार को माता के धाम में आस्थावानों की भीड़ कुछ इस कदर उमड़ी कि संध्या आरती तक डेढ़ लाख के आंकड़े को भी पार कर गयी. उन्होंने बताया नवरात्रि की षष्ठी तिथि को लगने वाली भीड़ घाम परिसर में अब तक की लगने वाली यह सबसे बड़ी भीड़ थी. बैरियर कर्मी संतोष ठाकुर के हवाले से उन्होंने बताया उक्त तिथि को श्रद्धालुओं के करीब 15 सौ चारपहिया वाहन, पांच हजार दोपहिया वाहन तथा करीब आठ बसें बैरियर से गुजर कर माता के धाम पहुंची हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है