कर्ज से बचने को 70 हजार लूट का नाटक, पुलिस जांच में खुली सच्चाई

Kaimur News: कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र में 70 हजार रुपये की लूट और बाइक जलाने की शिकायत जांच में झूठी निकली. पुलिस पूछताछ में शिकायतकर्ता ने स्वीकार किया कि उसने कर्ज से बचने के लिए यह मनगढ़ंत कहानी बनाई थी.

By Suryakant Kumar | May 29, 2026 6:52 PM

Kaimur News: मोहनिया से विनोद कुमार सिंह
मोहनिया थाना क्षेत्र के डिडखिली के पास एक मजदूर से 70 हजार रुपये लूट और बाइक जलाने की घटना जांच में पूरी तरह झूठी साबित हुई. पुलिस की गहन पड़ताल और पूछताछ में शिकायतकर्ता ने स्वीकार किया कि वह कर्ज के बोझ से परेशान था और उसी से बचने के लिए उसने लूट की मनगढ़ंत कहानी बनाई थी.

मजदूर ने बनाई मनगढ़ंत कहानी

जानकारी के अनुसार भभुआ थाना क्षेत्र के गोराईपुर गांव निवासी शशि कपूर ने पुलिस को सूचना दी थी कि गुरुवार की रात डिडखिली-मुबारकपुर मार्ग स्थित एक शिव मंदिर के पास लिफ्ट मांगने वाले युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उससे मारपीट की, 70 हजार रुपये लूट लिए तथा उसकी स्प्लेंडर बाइक को आग के हवाले कर दिया.

पुलिस की पूछताछ में सच सामने आया

घटना की सूचना मिलने के बाद मोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. शुक्रवार को थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा शिकायतकर्ता से विस्तृत पूछताछ की. जांच के दौरान कई तथ्यों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने गहराई से पड़ताल की.

पूछताछ में शशि कपूर ने स्वीकार किया कि वह काफी कर्ज में डूबा हुआ था कर्जदाताओं के दबाव से बचने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ी और अपनी बाइक स्वयं जला दी.

मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मजदूर द्वारा लूट और बाइक जलाने की सूचना दी गई थी, लेकिन जांच में मामला पूरी तरह झूठा पाया गया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने कर्ज से बचने के लिए यह कहानी बनाई थी और बाइक भी खुद ही जलाई थी.

Also Read: दुर्गावती में तेज रफ्तार ऑटो हादसे का शिकार, दो युवक घायल