कैमूर में बदला मौसम का मिजाज : तेज आंधी-बारिश से कई इलाकों में बिजली ठप

Kaimur Weather News: कैमूर के मोहनिया और कुदरा में तेज आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ, कई जगह पेड़ और बिजली पोल गिरने से सप्लाई ठप रही. हालांकि बारिश किसानों के लिए राहत बनकर आई है. धान की खेती के लिए नमी बढ़ने से किसान खुश हैं और अच्छी फसल की उम्मीद जता रहे हैं.

By VINOD KUMAR SINGH | July 2, 2026 10:18 AM

Kaimur Weather News : कैमूर जिले के मोहनिया अनुमंडल अंतर्गत मोहनिया और कुदरा प्रखंड क्षेत्रों में बुधवार की शाम मौसम ने अचानक करवट ली. तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश ने जहां एक ओर आम जनजीवन को कुछ समय के लिए पूरी तरह प्रभावित कर दिया, वहीं दूसरी ओर किसानों के लिए यह बारिश राहत और उम्मीद लेकर आई. कई जगहों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई और सड़क पर आवागमन भी बाधित रहा.

आंधी से उखड़े पेड़, कई गांवों में छाया अंधेरा

तेज हवा के कारण कई इलाकों में पेड़ और उनकी टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं. इससे कुछ समय के लिए मुख्य मार्गों पर आवागमन प्रभावित हो गया. खासकर कुदरा प्रखंड के परसथुआ पथ पर पेड़ गिरने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी. राहगीरों और स्थानीय लोगों को रास्ता साफ होने तक इंतजार करना पड़ा.

सांकेतिक तस्वीर

आंधी का असर बिजली व्यवस्था पर भी साफ देखने को मिला. कई जगहों पर बिजली के पोल और तार गिर गए, जिससे दर्जनों गांवों में अंधेरा छा गया. अचानक बिजली गुल होने से लोगों को रात में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

Kaimur News : बिजली विभाग मरम्मत में जुटा

घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग की टीम सक्रिय हो गई. क्षतिग्रस्त पोल और तारों की मरम्मत का काम तेजी से शुरू किया गया. विभागीय कर्मी देर रात तक काम करते नजर आए, ताकि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित इलाकों में चरणबद्ध तरीके से सप्लाई सामान्य करने का प्रयास जारी है.

सांकेतिक तस्वीर

Weather News : किसानों के लिए राहत बनी बारिश

जहां एक ओर आंधी ने कुछ नुकसान पहुंचाया, वहीं बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी. लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने इसे खेती के लिए बेहद लाभदायक बताया. उनका कहना है कि इस बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जो धान की बिचड़ा और रोपाई के लिए काफी फायदेमंद होगी. किसानों का मानना है कि अगर इसी तरह समय पर बारिश होती रही, तो इस साल धान की फसल अच्छी होने की उम्मीद है. कई किसानों ने खेतों की तैयारी भी शुरू कर दी है.

मोहनिया और कुदरा इलाके में हुई यह आंधी और बारिश दोहरा असर लेकर आई है. एक तरफ जहां लोगों को कुछ समय के लिए परेशानी झेलनी पड़ी, वहीं दूसरी तरफ किसानों के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है. प्रशासन और बिजली विभाग अब स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने में जुटा है.

Also Read : कैमूर में आपसी विवाद में पति ने पत्नी को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, खुद को भी मारी गोली