कैमूर के उर्स मेले में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, जमकर हुई मारपीट में 10 घायल; 5 वाराणसी रेफर

Kaimur News: कैमूर में उर्स मेले के दौरान दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. लाठी-डंडों से हुई मारपीट में करीब 10 लोग घायल हो गए. जिनमें 5 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है.

By Ragini Sharma | June 17, 2026 1:35 PM

Kaimur News : (विनोद कुमार सिंह) कैमूर थाना क्षेत्र के चैनपुर बाजार स्थित मखदूम साहब की मजार पर आयोजित सालाना उर्स मेले के दौरान मंगलवार की रात एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई.

लाठी-डंडों से हमला, 10 लोग घायल

झड़प के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें करीब 10 लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चैनपुर पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

5 घायलों की हालत गंभीर, वाराणसी रेफर

घायलों में से पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है. इलाजरत घायलों में रुस्तम कुरैशी, शमीम कुरैशी, इकबाल कुरैशी, सैफ कुरैशी और इकबाल कुरैशी शामिल हैं.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों को एक-दूसरे पर लाठियां बरसाते देखा जा सकता है. हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

फायरिंग की चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि

मारपीट के दौरान फायरिंग होने की भी चर्चा है, लेकिन पुलिस ने गोलीबारी की पुष्टि नहीं की है. पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है. वहीं कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि झड़प के दौरान गोली चलने से दो लोग घायल हुए.

मेला स्थल पर मची अफरा-तफरी

घटना के दौरान फायरिंग की आवाज की चर्चा के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई.

पुलिस जांच में जुटी, आवेदन का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी. समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था. पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: भोजपुर पुलिस पर पिस्टल तानने वाले युवक से मुठभेड़, दोनों पैरों में गोली लगने के बाद पहुंचा अस्पताल