Kaimur News : रामगढ़ बाजार स्थित सूर्य सरोवर परिसर अब स्वास्थ्य और मनोरंजन का नया केंद्र बन गया है. बक्सर सांसद सुधाकर सिंह की सांसद निधि से स्थापित ओपन जिम का निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न होने के बाद इसे आम लोगों के उपयोग के लिए खोल दिया गया है. जिम शुरू होने के पहले ही दिन बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.
व्यायाम उपकरणों से बच्चों में उत्साह
ओपन जिम में आसपास के बच्चे साइक्लिंग, रेसलिंग सहित विभिन्न व्यायाम उपकरणों और वहां लगे झूलों का जमकर आनंद लेते नजर आए. वहीं, प्रतिदिन सुबह और शाम के समय सूर्य सरोवर परिसर पर टहलने आने वाले सैकड़ों महिला-पुरुषों के साथ-साथ पुलिस एवं सेना भर्ती की तैयारी में जुटे स्थानीय युवाओं के लिए भी यह आधुनिक जिम बेहद उपयोगी साबित होगा.
स्ट्रीट लाइटों की दूधिया रोशनी से रात में भी सुरक्षित माहौल
इस नई सुविधा को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि अब उन्हें नियमित व्यायाम करने के लिए अपने घर से दूर नहीं जाना पड़ेगा. नगर पंचायत द्वारा पूरे सरोवर परिसर में लगाई गई स्ट्रीट लाइटों की दूधिया रोशनी के कारण शाम और रात के समय भी लोग पूरी तरह से सुरक्षित वातावरण में व्यायाम कर सकेंगे. खासकर महिलाओं के लिए यह व्यवस्था काफी लाभदायक मानी जा रही है.
MP Sudhakar Singh : स्थानीय निवासियों ने जताई खुशी
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि इस ओपन जिम के चालू होने से न केवल लोगों की फिटनेस को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि सूर्य सरोवर परिसर की रौनक और सुंदरता भी काफी बढ़ जाएगी. नगरवासियों ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी इस महत्वपूर्ण पहल के लिए स्थानीय सांसद एवं नगर पंचायत प्रशासन के प्रति अपनी प्रसन्नता और खुशी जताई है.
Also Read : कैमूर में विशेष अभियान के दौरान 22 गिरफ्तार, वारंटी से लेकर हत्या के प्रयास के आरोपी तक दबोचे गए
