अग्नि सुरक्षा से बचाव को लेकर दी गयी जानकारी

अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर अग्निशमन विभाग मोहनिया द्वारा शनिवार को जागरूकता अभियान चलाया गया.

By VIKASH KUMAR | April 18, 2026 4:40 PM

मोहनिया शहर. स्थानीय प्रखंड की भरखर पंचायत में वार्ड 10 में बिहार अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर अग्निशमन विभाग मोहनिया द्वारा शनिवार को जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान पदाधिकारियों व कर्मियों ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया. कार्यक्रम में जीविका दीदी, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं व पंचायत के मुखिया की उपस्थिति में आग से बचाव के विभिन्न उपायों की विस्तृत जानकारी दी गयी. अग्निशमन कर्मियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है. बैठक के दौरान सिलिंडर उपयोग, बिजली के शॉर्ट सर्किट से बचाव, खेतों में आग लगने की स्थिति में तत्काल उपाय समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी साझा की गयी. साथ ही लोगों के बीच लीफलेट व पंपलेट का वितरण कर उन्हें अग्नि सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया. अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित करें.