पेज वन…….जमीन विवाद और कर्ज के दबाव में बुजुर्ग ने की आत्महत्या

भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनडिहरा निवासी उमाशंकर पासवान उम्र लगभग 60 वर्ष, पिता जगनारायण पासवान ने गहरे डिप्रेशन में आकर आत्महत्या कर ली.

By VIKASH KUMAR | January 29, 2026 6:05 PM

भभुआ थाना क्षेत्र के सोनडिहरा की घटना, सुसाइड नोट बरामद

कांग्रेस के सक्रिय सदस्य रह चुके थे 60 वर्षीय उमाशंकर पासवान

प्रतिनिधि, भभुआ शहर

भभुआ थाना क्षेत्र के सोनडिहरा गांव में 60 वर्षीय उमाशंकर पासवान ने गहरे मानसिक अवसाद के चलते आत्महत्या कर ली. मृतक पूर्व में कांग्रेस पार्टी के सक्रिय सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता रहे थे. इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक है. परिजनों के अनुसार, उमाशंकर पिछले कई महीनों से गंभीर मानसिक तनाव में थे. उनके साले राम बहादुर पासवान ने बताया कि तनाव की मुख्य वजह जमीन की रजिस्ट्री के बावजूद भुगतान न मिलना था. उमाशंकर ने लगभग छह महीने पहले भभुआ न्यायालय के एक अधिवक्ता के नाम अपनी जमीन की रजिस्ट्री की थी, लेकिन भुगतान के लिए उन्हें लगातार टालमटोल का सामना करना पड़ रहा था. आर्थिक स्थिति बिगड़ने के कारण उन्होंने स्वयं सहायता समूह से ऋण लिया था, जिसकी किश्तें समय पर न चुका पाने पर उन पर भारी दबाव बनाया जा रहा था. इसके साथ ही, उनके भतीजे द्वारा विवादित जमीन की फसल जबरन काट लेने की घटना ने उनके मानसिक संतुलन को और बिगाड़ दिया था. आत्महत्या से पूर्व उन्होंने अपने बिस्तर के सिरहाने एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें अपनी समस्त पीड़ा और आर्थिक तंगी का उल्लेख किया है. इसके उपरांत उन्होंने घर के भीतर पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. सूचना पाकर प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि सुसाइड नोट के तथ्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर गहन जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जायेगी.