वीबीजी राम जी योजनाओं में अनियमितता की शिकायत पर दो माह बाद भी कार्रवाई नहींउप मुखिया ने कार्यक्रम पदाधिकारी को दिया था आवेदन
जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कह रहे अधिकारीप्रतिनिधि, कर्मनाशा.
दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ढड़हर पंचायत की वीबीजी राम जी (पुराना नाम मनरेगा) योजनाओं में संपन्न मजदूरों, दूसरे राज्यों में कार्य करने वाले लोगों व संविदा कर्मियों के खातों में राशि भुगतान किये जाने की शिकायत दो महीने पहले उप मुखिया मनोज राजभर ने कार्यक्रम पदाधिकारी को आवेदन देकर की थी. लेकिन, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आवेदक सहित ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है. दरअसल, ढड़हर पंचायत के उप मुखिया मनोज राजभर ने 10 दिसंबर 2025 को कार्यक्रम पदाधिकारी दुर्गावती को लिखित आवेदन दिया था. जिसमें योजना संख्या (0549007/ic/20585979), (0549007004/ic/208516), (0549007/ic/20585969) व (0549007004/ic/20588007) में अनियमितता दर्शायी गयी थी.आवेदन में उप मुखिया ने बताया था कि उक्त योजनाएं ग्राम पंचायत ढड़हर की हैं. योजनाओं में निकासी की गयी राशि में से अधिकांश भुगतान ऐसे लोगों के खातों में किया गया है, जो अन्य राज्यों में रहकर कार्य करते हैं. कुछ लाभार्थी ऐसे भी हैं, जो संपन्न हैं व मजदूरी का कार्य नहीं करते हैं. वहीं कुछ संविदा कर्मियों के नाम भी शामिल हैं. इसके बावजूद उनके खातों में अवैध रूप से राशि का भुगतान किया जा रहा है व बाद में राशि का बंदरबांट कर लिया जा रहा है.