सप्ताह में सिर्फ दो गाड़ी गैस मिलने से एजेंसी संचालक व उपभोक्ता परेशान

गैस एजेंसी से उपभोक्ताओं को ससमय पर्याप्त मात्रा में एचपी गैस सिलिंडर नहीं मिलने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

By VIKASH KUMAR | April 9, 2026 3:42 PM

# उपभोक्ताओं को बिना गैस सिलिंडर मिले लौटना पड़ा बैरंग मोहनिया सदर. दनियालपुर कुरई के समीप अवस्थित भागवत कृपा गैस एजेंसी से उपभोक्ताओं को ससमय पर्याप्त मात्रा में एचपी गैस सिलिंडर नहीं मिलने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. गुरुवार को बड़ी संख्या में गैस सिलिंडर के बिना ही खाली हाथ लौटना पड़ा. हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस की होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन समय से गैस नहीं मिलने पर लोग एजेंसी पर पहुंच रहे है. इसकी वजह से अनावश्यक भीड़ लग रही है. एक तरफ प्रशासन जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलिंडर उपलब्ध होने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ उक्त एजेंसी के कर्मी अवनीश कुमार सिंह का कहना है कि सप्ताह में सिर्फ दो गाड़ी गैस सिलिंडर ही मिल रही है, जिसकी वजह से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हो रही है. खपत के अनुसार गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो रहा है, प्रशासन का सख्त निर्देश है कि होम डिलीवरी की सुविधा बहाल रहे, ताकि डीएसी नंबर प्राप्त उपभोक्ताओं को एजेंसी पर नहीं जाना पड़े, लेकिन गैस की गाड़ी आने में देरी होने पर लोगों का धैर्य टूटने लगता है और लोग गैस सिलिंडर के लिए एजेंसी पर पहुंच जाते हैं.