जहानाबाद से संजय अनुराग की रिपोर्ट
Jehanabad News: जहानाबाद सदर अस्पताल परिसर में बन रहे नए भवन के निर्माण कार्य के दौरान रविवार रात एक बड़ा हादसा हो गया. ऊंचाई पर काम कर रहा एक मजदूर संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
बेहोशी की हालत में सदर अस्पताल लाया गया मजदूर
घटना रविवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है. अस्पताल के नए भवन निर्माण में लगे मजदूर जगन्नाथ कुमार ऊंचाई पर लगाए गए भाड़ पर काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर गए. गिरने के बाद वे बेहोश हो गए.
सिर में गंभीर चोट, PMCH पटना किया गया रेफर
साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों ने आनन-फानन में जगन्नाथ कुमार को सदर अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया. डॉक्टरों ने जांच के बाद उनकी हालत गंभीर बताई. उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है. बेहतर इलाज और सीटी स्कैन की जरूरत को देखते हुए उन्हें PMCH पटना रेफर कर दिया गया.

निर्माण कार्य में सुरक्षा इंतजाम पर उठे सवाल
सदर अस्पताल परिसर में नई मल्टीस्टोरी बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है. आरोप है कि निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं. इसी कारण पहले भी कई मजदूर हादसे का शिकार हो चुके हैं.
पहले भी गिर चुके हैं मजदूर, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
जानकारी के अनुसार इससे पहले भी भवन निर्माण कार्य में लगे दो मजदूर भाड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं. इनमें से एक मजदूर को PMCH भेजा गया था. हालांकि उसके बाद उसकी स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी.
घटना के बाद जानकारी छिपाने का आरोप
मजदूरों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी के ठेकेदार और मुंशी घटनाओं की जानकारी सार्वजनिक नहीं होने देते. रात की घटना में भी एक मजदूर कुछ बताना चाह रहा था, लेकिन उसे चुप करा दिया गया. वहीं इलाज की पर्ची पर भी मजदूर का पूरा पता नहीं लिखाया गया और केवल सदर अस्पताल दर्ज किया गया.
छोटी घटनाओं की जानकारी भी नहीं हो पाती
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल निर्माण कार्य में सुरक्षा की कमी के कारण आए दिन छोटी-बड़ी घटनाएं होती रहती हैं. कई बार ऐसी घटनाओं की जानकारी भी सामने नहीं आ पाती.
ALSO READ: जहानाबाद में रात के अंधेरे में विद्यालय को बनाया निशाना, टीवी, कंप्यूटर और इनवर्टर लेकर फरार हुए चोर
