अस्पताल से बाहर गर्भवती का अल्ट्रासाउंड करवाने पर दो जीविका दीदी बर्खास्त

सदर अस्पताल में शुक्रवार की उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो जीविका दीदी को गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड बाहर से करवाते हुए पकड़ा गया.

By AMIT KR SINHA | February 27, 2026 9:40 PM

जमुई. सदर अस्पताल में शुक्रवार की उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो जीविका दीदी को गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड बाहर से करवाते हुए पकड़ा गया. मामले की जानकारी मिलते ही सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार सिंह ने दोनों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने का आदेश दे दिया. कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर में खलबली मच गई और जीविका कर्मियों सहित स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप का माहौल देखा गया. बताया जाता है कि महिला चिकित्सक ने दो गर्भवती मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच की सलाह दी थी, लेकिन अस्पताल में जांच कराने के बजाय संबंधित जीविका दीदी ने कथित रूप से कमीशन के लालच में उन्हें बाहर के निजी जांच केंद्र पर भेज दिया. इसकी जानकारी अस्पताल के एक कर्मचारी को हुई. इसके बाद सिविल सर्जन से शिकायत की गयी. कार्रवाई की जद में आयी जीविका दीदी की पहचान शबनम खातून और ऋतु कुमारी है. दोनों सदर अस्पताल में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थीं. सिविल सर्जन ने स्पष्ट कहा कि सरकारी मरीजों को निजी जांच केंद्रों पर भेजने की अनुमति किसी को नहीं दी जायेगी और इस तरह की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. सिविल सर्जन की इस कार्रवाई से एक बड़ा सवाल उठता है कि सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था रहने के बावजूद मरीज को बाहर क्यों भेजे जा रहे थे?, क्या पहले भी इस तरह का खेल चल रहा था? इसमें और कौन-कौन शामिल है..

क्या है मामला

दरअसल, शुक्रवार को महिला डॉक्टर ने गर्भवती मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सलाह दी गयी थी. जीविका दीदियों ने मरीज की जांच अस्पताल में कराने के बजाय उसे बाहर ले गयी. कमीशन के लालच में निजी केंद्र पर जांच कराने का आरोप की शिकायत मिलते ही सिविल सर्जन ने कार्रवाई की.

मामला संज्ञान में आते ही दोनों को तत्काल हटा दिया गया है. सरकारी मरीजों को बाहर भेजने की अनुमति नहीं है. उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड कि निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि कौन -कौन स्वास्थ्य कर्मी इसमें शामिल हैं उसका पता लगाया जा रहा है. जल्द ही पहचान कर कार्रवाई की जायेगी.

डॉ अशोक कुमार सिंह, सिविल सर्जन, जमुई