जमुई में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, लोगों को मिली भीषण गर्मी से बड़ी राहत
Jamui Rain Update : जमुई में मानसून की जोरदार एंट्री, सुबह से झमाझम बारिश से तापमान गिरा. लोगों को गर्मी से राहत मिली और किसानों में धान की बुवाई को लेकर उम्मीद बढ़ी.
जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट
Jamui Rain Update : सोमवार की सुबह जमुई जिले में मौसम ने अचानक करवट ली, जब आसमान में घने बादल छा गए और करीब 8 बजे से तेज बारिश शुरू हो गई. लंबे समय से उमस और गर्मी झेल रहे लोगों के लिए यह बारिश किसी राहत से कम नहीं रही.
मौसम ने बदली करवट, तापमान में गिरावट
जिले में रविवार से ही रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी था, लेकिन सोमवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने मौसम को पूरी तरह सुहावना बना दिया. बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडी हवाओं ने वातावरण को और भी आरामदायक बना दिया. सुबह के समय सड़कों पर आम दिनों की तुलना में भीड़ कम देखी गई क्योंकि लोग बारिश थमने का इंतजार करते रहे.
Jamui Rain Update : खेतों में नमी, किसानों की उम्मीदें बढ़ीं
इस बारिश ने भले ही गर्मी से राहत दी हो, लेकिन किसानों के लिए यह अभी शुरुआती राहत मानी जा रही है. टाउन थाना क्षेत्र के अमरथ गांव के किसान विश्वनाथ यादव, बिक्की यादव और सुदर्शन यादव सहित कई किसानों का कहना है कि इस बारिश से खेतों में नमी जरूर बढ़ी है, जो शुरुआती बुवाई के लिए मददगार है.
हालांकि किसानों ने यह भी स्पष्ट किया कि धान की रोपनी और अन्य कृषि कार्यों के लिए अभी और लगातार बारिश की जरूरत है. उनका मानना है कि यदि आने वाले दिनों में मानसून इसी तरह सक्रिय रहता है, तो खेती की गति तेज हो सकती है और उत्पादन पर सकारात्मक असर पड़ेगा.
अगले दिनों पर टिकी नजर
मौसम में आए इस बदलाव के बाद अब सभी की नजर अगले कुछ दिनों की बारिश पर टिकी हुई है. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, अगर वर्षा का यही सिलसिला जारी रहा तो धान की खेती के लिए यह मौसम बेहद अनुकूल साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें : आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट, पटना समेत, 20 जिलों में होगी झमाझम बारिश
