चोरों ने एक रात में दो घरों से 13 लाख से अधिक की संपत्ति उड़ाई

Jamui News:चकाई थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो घरों में धावा बोलकर 13 लाख रुपये से अधिक की नकदी, जेवरात, बर्तन और जमीन के कागजात चोरी कर लिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

By PANKAJ KUMAR SINGH | June 16, 2026 5:59 PM

घर का ताला तोड़ नगद, जेवरात और जमीन के कागजात लेकर फरार हुए चोर

चकाई. थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि समेत दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। जलखरिया टोला जरलाबदार निवासी राम दास ने थानाध्यक्ष को आवेदन देकर घटना की जानकारी दी है। चोरों ने उनके घर से करीब छह लाख रुपये तथा उनके चचेरे भाई अमीर दास के घर से 7.20 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली। इस प्रकार कुल 13.20 लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई है।

परिवार के ससुराल जाने का उठाया फायदा

राम दास ने बताया कि वह 13 जून को पूरे परिवार के साथ अपने ससुराल मटीहाना (सोनो) गए थे। 15 जून की रात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर 30 हजार रुपये नकद, 50 हजार रुपये मूल्य के कांसा-पीतल के बर्तन, डेढ़ लाख रुपये मूल्य के चांदी के जेवर, पांच भर सोना, कपड़े तथा जमीन के महत्वपूर्ण कागजात समेत करीब छह लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ले गए।

प्रमुख प्रतिनिधि के घर से भी लाखों की चोरी

इसी रात चोरों ने राम दास के चचेरे भाई एवं प्रमुख प्रतिनिधि अमीर दास के घर को भी निशाना बनाया। वहां से चोर 1.75 लाख रुपये नकद, लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात तथा 40 हजार रुपये मूल्य के कांसा के बर्तन चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 7.20 लाख रुपये बताई गई है।

सुबह मिली सूचना, बिखरा मिला घर का सामान

सुबह फोन पर घटना की जानकारी मिलने के बाद राम दास तुरंत अपने घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था तथा बक्सा, गोदरेज और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल चकाई थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जांच और बरामदगी की मांग

राम दास ने थानाध्यक्ष से मामले की गहन जांच कर चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान करने, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।