बीड़ी बनाकर बेटी को पढ़ाया, बीपीएससी शिक्षिका बनी तो जेंडर परिवर्तन करा चुके साथी संग रचा ली शादी, थाने पहुंचा मामला
jamui news: बीड़ी बनाकर बेटी को पढ़ाने वाली मां की संघर्षपूर्ण कहानी उस समय चर्चा में आ गई, जब बीपीएससी शिक्षिका नायनशी कुमारी ने जेंडर परिवर्तन करा चुके अपने साथी राज से शादी कर ली. शादी के बाद परिजनों ने बहला-फुसलाकर विवाह कराने का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया जिसके बाद मामला कानूनी और सामाजिक बहस का विषय बन गया.
बीड़ी बनाकर बेटी को पढ़ाने वाली मां की संघर्षपूर्ण कहानी उस समय चर्चा में आ गई, जब बीपीएससी शिक्षिका नायनशी कुमारी ने जेंडर परिवर्तन करा चुके अपने साथी राज से शादी कर ली. शादी के बाद परिजनों ने बहला-फुसलाकर विवाह कराने का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया जिसके बाद मामला कानूनी और सामाजिक बहस का विषय बन गया.
शिक्षिका का परिवार सामाजिक दबाव और मानसिक तनाव से गुजर रहा है
जमुई. लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के नजारी गांव की बीपीएससी शिक्षिका नायनशी कुमारी और जेंडर परिवर्तन करा चुके राज (पूर्व नाम राखी कुमारी) के बीच हुई शादी का मामला अब कानूनी और सामाजिक विवाद का रूप लेता जा रहा है। शादी की खबर सामने आने के बाद शिक्षिका की मां बबीता देवी ने लक्ष्मीपुर थाना में लिखित आवेदन देकर राज के माता-पिता और बहन पर साजिश के तहत अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर शादी कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को योजनाबद्ध तरीके से परिवार से दूर किया गया और बाद में उससे शादी करा दी गई। मामले के सामने आने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी है। वहीं, शिक्षिका का परिवार सामाजिक दबाव और मानसिक तनाव से गुजर रहा है।
किताब लेने की बात कह घर से निकली थी, नायनशी
शिक्षिका की बहन गुंजा कुमारी ने बताया कि नायनशी घर से किताब लेने की बात कहकर निकली थी,लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी. परिवार ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. उन्होंने आरोप लगाया कि राज ने उनकी बहन को अपने प्रभाव में लेकर परिवार से दूर कर दिया.गुंजा ने कहा कि घटना के बाद से परिवार का नायनशी से संपर्क भी नहीं हो पा रहा है. उन्होंने आशंका जताई कि यदि परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी राज और उसके परिजनों की होगी.
बीड़ी बनाकर बेटी को पढ़ाया, नौकरी लगने पर बदली उम्मीदें
नायनशी के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद साधारण रही है. उसकी बहन के अनुसार चार बहनों और एक भाई में नायनशी सबसे बड़ी है.पिता पटना में प्राइवेट जॉब करते हैं.नायनशी बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी होने के कारण पूरे परिवार ने उसकी शिक्षा को प्राथमिकता दी.गुंजा बताती हैं कि मां ने बीड़ी बनाकर और मेहनत-मजदूरी कर बहन को पढ़ाया-लिखाया. परिवार को उम्मीद थी कि सरकारी नौकरी मिलने के बाद घर की आर्थिक स्थिति सुधरेगी. वर्ष 2023 में बीपीएससी शिक्षक नियुक्ति के तहत नौकरी मिलने के बाद पूरे परिवार ने बेहतर भविष्य के सपने देखे थे. परिजनों का आरोप है कि नौकरी लगने के बाद ही राखी कुमारी नायनशी के करीब आई और धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी होती गई. परिवार का दावा है कि इसके बाद नायनशी का घर-परिवार से लगाव कम होने लगा और वह अपनी आय का सहयोग भी घर में नहीं करती थी.
जेंडर परिवर्तन को लेकर भी लगाए गंभीर आरोप
नायनशी की बहन ने राज (पूर्व नाम राखी कुमारी) के जेंडर परिवर्तन को लेकर भी कई आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि राहुल बचपन से लड़कों की तरह रहन-सहन और पहनावा अपनाता था. उन्होंने दावा किया कि राहुल के जेंडर परिवर्तन में उसके परिवार की भूमिका रही और जमीन बेचकर इस प्रक्रिया को पूरा कराया गया. हालांकि इन आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है.
गांव में तरह -तरह की चर्चा होने से परिवार सामाजिक दबाव में
नायनशी की मां बबीता देवी मीडिया से बातचीत के दौरान फूट-फूटकर रो पड़ीं. उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है. उनकी सबसे बड़ी चिंता अपनी छोटी बेटियों के भविष्य को लेकर है. उन्होंने भावुक होकर कहा कि अब उनकी बच्चियों की पढ़ाई-लिखाई और आगे चलकर शादी-विवाह कैसे होगा, इसकी चिंता उन्हें लगातार सता रही है. बबीता देवी ने बताया कि गांव में लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं, जिससे परिवार की परेशानियां और बढ़ गई हैं. उन्होंने यह भी कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके पति की तबीयत भी खराब हो गई है और पूरा परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है.
क्या कहती है पुलिस
इस संबंध में लक्ष्मीपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि नायनशी कुमारी की मां द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है. आवेदन के आधार पर गुमशुदगी से संबंधित मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
