शिक्षा, रोजगार व पलायन के मुद्दे पर जनता ने नहीं दिया वोट : प्रशांत किशोर

जमुई में बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक, भ्रष्टाचार पर कसा तंज

By PANKAJ KUMAR SINGH | March 26, 2026 10:04 PM

जमुई. जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर गुरुवार को ‘बिहार नवनिर्माण अभियान’ के तहत जमुई पहुंचे. इस दौरान उन्होंने टीपी सिंह रोड स्थित न्यू द्वारिका विवाह भवन में पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया. बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में शिक्षा, स्कूलों की स्थिति, रोजगार और पलायन जैसी समस्याएं इसलिए नहीं सुधरेंगी, क्योंकि जनता ने इन मुद्दों पर वोट नहीं दिया. उन्होंने कहा कि जिस मुद्दे पर जनता वोट नहीं देती, वह प्राथमिकता में नहीं आता और उसका परिणाम आने वाले वर्षों तक भुगतना पड़ता है. उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद जन सुराज के नेताओं ने पश्चिम चंपारण स्थित गांधी भितिहरवा आश्रम में उपवास रखकर नयी सरकार को वादों को पूरा करने के लिए छह महीने का समय दिया था. अब ‘बिहार नवनिर्माण अभियान’ के तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों के बीच अपनी बात रखेंगे. इस दौरान उन्होंने अशोक चौधरी, मंगल पांडेय व सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए कहा कि जनता ने सच्चाई जानने के बावजूद उन्हें ही चुना. बबूल बोएंगे, तो आम कहां से मिलेगा, यह कहते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यदि भ्रष्ट लोगों को सत्ता की चाबी दी जाएगी, तो भ्रष्टाचार खत्म नहीं होगा, बल्कि आने वाले पांच वर्षों में और बढ़ेगा. मौके पर पूर्व मंत्री दसई चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे.