जमुई. जमुई जिला मुख्यालय के श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम में बुधवार शाम प्रभात खबर की ओर से लाफ्टर शो का आयोजन किया गया. इसमें टेलीविजन व फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने हास्य कलाकार एहसान कुरैशी ने अपने चुटकुलों से सबको खूब हंसाया. इसके साथ ही पार्श्व गायिका नम्रता दास ने भी अपनी आवाज के जादू से सबको दीवाना बना दिया. यह आयोजन केवल मनोरंजन कार्यक्रम नहीं, बल्कि जमुई की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाला अवसर भी साबित हुआ. राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की मौजूदगी ने जिले को नयी पहचान दिलाने का काम किया. बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने यह दिखाया कि जिले में सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर लोगों में काफी उत्साह है. लोगों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम स्थानीय प्रतिभाओं को भी प्रेरित करते हैं. जब बड़े कलाकार छोटे शहरों में पहुंचते हैं, तो युवाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है. लाफ्टर शो ने लोगों को हंसने, गाने, सुनने और एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर दिया. यही कारण है कि यह शाम लंबे समय तक लोगों की यादों में बनी रहेगी.
हंसी – ठहाके में सराबोर नजर आया जमुई स्टेडियम
जमुई. जिला मुख्यालय स्थित श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम बुधवार की शाम हंसी व मनोरंजन के रंग में पूरी तरह से सराबोर नजर आया. प्रभात खबर की ओर से आयोजित लाफ्टर शो में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और देर क ठहाकों की गूंज सुनाई देती रही. जैसे ही मंच पर प्रसिद्ध हास्य कलाकार एहसान कुरैशी पहुंचे, दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया. उन्होंने अपने चुटीले अंदाज और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हास्य प्रसंगों के माध्यम से लोगों को खूब हंसाया. कार्यक्रम में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सभी उत्साह के साथ मौजूद रहे. स्टेडियम का माहौल किसी उत्सव से कम नहीं दिख रहा था. कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की हंसी और तालियों की गड़गड़ाहट लगातार सुनाई देती रही. कई बार ऐसा अवसर आया जब लोग अपनी हंसी रोक नहीं सके. मंच से प्रस्तुत किये गये चुटकुलों ने लोगों को तनाव से दूर कर कुछ पल के लिए खुलकर मुस्कुराने का अवसर दिया. स्थानीय लोगों ने कहा कि जमुई में इस तरह के कार्यक्रम कम होते हैं और ऐसे आयोजनों से लोगों को नयी ऊर्जा मिलती है. कार्यक्रम के दौरान पूरे समय दर्शक अपनी सीटों पर डटे रहे और हर प्रस्तुति का आनंद उठाते रहे. स्टेडियम में मौजूद लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी.