जमुई जिला प्रशासन की तत्परता से हटा ‘मौत का पेड़’, आईआईपी ने जताया आभार

Jamui Road Safety Action: 6 जून 2026 को इसी पेड़ से टकराने के कारण निजी शिक्षक सोनू कुमार सिंह की दर्दनाक मौत हो गई थी. घटना के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे. आईआईपी ने इसे गंभीर मामला बताते हुए मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता और सड़क के बीच खड़े पेड़ को हटाने की मांग उठाई थी.

By Shruti Kumari | June 11, 2026 9:20 AM

जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट:

Jamui Road Safety Action: जमुई-मलयपुर मुख्य मार्ग स्थित आंजन नदी पुल के समीप सड़क के बीच वर्षों से खड़ा खतरनाक पेड़ आखिरकार जिला प्रशासन की पहल पर हटा दिया गया. बुधवार देर शाम हुई इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली, वहीं इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) ने जिला प्रशासन और वन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है.

शिक्षक की मौत के बाद उठा था मामला

गौरतलब है कि 6 जून 2026 को इसी पेड़ से टकराने के कारण निजी शिक्षक सोनू कुमार सिंह की दर्दनाक मौत हो गई थी. घटना के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे. आईआईपी ने इसे गंभीर मामला बताते हुए मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता और सड़क के बीच खड़े पेड़ को हटाने की मांग उठाई थी.

डीएम को सौंपा गया था आवेदन

मामले को लेकर आईआईपी जिलाध्यक्ष शंभू कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पहले वन विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की थी. इसके बाद बुधवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार को आवेदन सौंपकर सड़क के बीच स्थित पेड़ को तत्काल हटाने और मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई थी.

आश्वासन के कुछ घंटे बाद ही हुई कार्रवाई

जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को एक सप्ताह के भीतर पेड़ हटाने का आश्वासन दिया था. हालांकि प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसी दिन तत्परता दिखाते हुए देर शाम पेड़ को हटवा दिया. वन विभाग और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से सड़क के बीच बना यह खतरा पूरी तरह समाप्त हो गया.

जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम : आईआईपी

पेड़ हटने के बाद आईआईपी जिलाध्यक्ष शंभू कुमार ने जिलाधिकारी और वन विभाग के अधिकारियों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का यह निर्णय जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम है. इससे इस मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी.

स्थानीय लोगों ने भी जताई खुशी

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से यह पेड़ दुर्घटनाओं का कारण बना हुआ था. समय रहते इसे हटाए जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है.