जमुई से पंकज कुमार सिंह की रिपोर्ट
Jamui Cycle Yatra : जमुई में रविवार को आयोजित साप्ताहिक साइकिल यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया. ‘साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई’ के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में प्रतिभागियों ने लोगों से अधिक से अधिक साइकिल का उपयोग करने और प्रदूषण कम करने की अपील की. यात्रा का समापन भजौर गांव में हुआ, जहां जनजागरूकता को और व्यापक बनाने का संकल्प लिया गया.
प्रखंड परिसर से भजौर तक निकली जागरूकता यात्रा
रविवार सुबह साइकिल यात्रा की शुरुआत प्रखंड परिसर से हुई. इसके बाद प्रतिभागी विभिन्न मार्गों से होते हुए भजौर गांव पहुंचे. यात्रा के दौरान साइकिल चालकों ने नियमित व्यायाम, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया. रास्ते में स्थानीय लोगों ने यात्रियों का स्वागत किया और उनके अभियान की सराहना की.
पर्यावरण बचाने और स्वास्थ्य सुधारने की अपील
यात्रा में शामिल सदस्यों ने कहा कि छोटी दूरी के लिए मोटर वाहनों की बजाय साइकिल का उपयोग करने से प्रदूषण कम होगा और लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा. उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से साइकिल चलाने की आदत विकसित करने की अपील की. प्रतिभागियों ने कहा कि यह अभियान केवल यात्रा नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास है.
2016 से लगातार चल रहा है अभियान
Jamui Cycle Yatra : भजौर गांव में आयोजित संक्षिप्त सभा को संबोधित करते हुए संगठन के हरेराम कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2016 से प्रत्येक रविवार साप्ताहिक साइकिल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह अभियान स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है. उन्होंने सभी साइकिल प्रेमियों, ग्रामीणों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आगामी यात्राओं में भी अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी की अपील की.
कई लोगों ने की सक्रिय भागीदारी
साप्ताहिक साइकिल यात्रा में शेषनाथ राय, संदीप रंजन, अजीत कुमार, पवन कुमार, संजय कुमार, हरेराम कुमार सिंह, सुमित कुमार तथा जीविका कर्मी रविन्द्र कुमार सहित कई लोग शामिल हुए. सभी ने पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए इस अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.
