बरहट अस्पताल में पांच माह से सीसीटीवी कैमरा बंद

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहट में सुरक्षा व्यवस्था की नींव कही जाने वाली तीसरी आंख किसी को नहीं देख रही है.

By PANKAJ KUMAR SINGH | February 23, 2026 9:22 PM

बरहट. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहट में सुरक्षा व्यवस्था की नींव कही जाने वाली तीसरी आंख किसी को नहीं देख रही है. यानी, अस्पताल के ओपीडी कक्ष में लगा सीसीटीवी कैमरा पिछले पांच महीनों से बंद पड़ा है. अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता बेहद जरूरी मानी जाती है, ताकि मरीजों, परिजनों एवं आगंतुकों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में प्रमाण उपलब्ध हो सके. लेकिन बरहट पीएचसी में लगा कैमरा लंबे समय से खराब रहने के कारण सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल परिसर में कोई घटना घटती है, तो न तो फुटेज उपलब्ध होगा और न ही जिम्मेदारी तय हो सकेगी. अस्पताल के एक स्वास्थ्यकर्मी ने बताया कि कैमरा खराब होने की सूचना कई बार संबंधित अधिकारियों को दी गयी, बावजूद इसके अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गयी. प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विवेक कुमार सिंह ने कैमरा खराब होने की पुष्टि करते हुए कहा कि जल्द ही इसे ठीक कराने की व्यवस्था की जायेगी. स्थानीय लोगों ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने और बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे को अविलंब चालू कराने की मांग की है, ताकि सीसीटीवी की उपयोगिता सुनिश्चित हो सके.