गौरादांगी मोड़ पर ढलाई मशीन ठेकेदार का शव बरामद, हत्या या दुर्घटना पर सस्पेंस

गौरादांगी मोड़ के समीप बीते मंगलवार देर रात ढलाई मशीन ठेकेदार सह गौरादांगी निवासी 35 वर्षीय मदनलाल मरांडी का शव संदिग्ध स्थिति में बरामद किया गया.

By PANKAJ KUMAR SINGH | February 18, 2026 9:23 PM

झाझा. थाना क्षेत्र की झाझा-ताराकुरा-गौरादांगी मुख्य सड़क स्थित गौरादांगी मोड़ के समीप बीते मंगलवार देर रात ढलाई मशीन ठेकेदार सह गौरादांगी निवासी 35 वर्षीय मदनलाल मरांडी का शव संदिग्ध स्थिति में बरामद किया गया. सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. परिजनों के अनुसार, मदनलाल मरांडी मंगलवार को झाझा शहर के किसी इलाके में ढलाई का काम कराकर शाम में गांव लौट रहे थे. गांव से पहले गौरादांगी मोड़ पर उन्होंने कुछ मजदूरों को भुगतान किया. इसके बाद वह घर के लिए निकले, लेकिन रात तक घर नहीं पहुंचे. करीब आठ बजे उनकी पत्नी खुशबू देवी ने फोन किया तो उन्होंने बताया कि वह गांव के मुहाने पर मजदूरों को पैसे दे रहे हैं. दो घंटे बाद दोबारा फोन करने पर घंटी बजती रही, पर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया. सुबह पत्नी ने ग्रामीणों को सूचना देकर खोजबीन शुरू की. दर्जनों ग्रामीण जब गौरादांगी मोड़ के पास पहुंचे तो मुख्य सड़क से लगभग 30 मीटर दूर उनकी बाइक गिरी मिली और पास ही उनका शव पड़ा था. घटना की सूचना पर एसडीपीओ राजेश कुमार के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार, धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य दलबल मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गए. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किये. मृतक की पत्नी ने बताया कि उनके पति के पास दो मोबाइल थे, जिसमें एक छोटा मोबाइल घटनास्थल से मिला है, जबकि बड़ा मोबाइल गायब है. साथ ही उनके पास कुछ नकद राशि भी थी, जो नहीं मिली. उन्होंने कहा कि उनके पति का किसी से कोई विवाद नहीं था. एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि मामले में हर बिंदु पर जांच की जा रही है. यह हत्या है या सड़क दुर्घटना, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. घटना की सूचना पर जिला परिषद सदस्य राकेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी. उन्होंने अनुसूचित जाति/जनजाति के मृतक के परिजनों को सरकार द्वारा निर्धारित डबल मुआवजा देने की मांग की है.