प्रेम विवाह के बाद युवती ने अपने ही परिजनों से जतायी खतरे की आशंका

जिले में प्रेम विवाह के बाद एक युवती ने अपने ही परिजनों से जान के खतरे की आशंका जतायी है.

By PANKAJ KUMAR SINGH | January 28, 2026 8:52 PM

जमुई. जिले में प्रेम विवाह के बाद एक युवती ने अपने ही परिजनों से जान के खतरे की आशंका जतायी है. खैरा थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी खुशबू कुमारी ने जिला प्रशासन और पुलिस से अपनी तथा ससुराल पक्ष की सुरक्षा की मांग की है. युवती का कहना है कि प्रेम विवाह से नाराज परिजनों की ओर से उन्हें और उनके पति के परिवार को नुकसान पहुंचाया जा सकता है. खुशबू कुमारी ने बताया कि वह बालिग हैं और अपनी मर्जी से बीते 24 जनवरी 2026 को वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित नागेश्वर नाथ मंदिर में सनोज कुमार यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से प्रेम विवाह किया है. उसने बताया कि उसका विवाह पूरी तरह स्वैच्छिक है और इसमें किसी तरह का दबाव या दहेज नहीं लिया गया है. युवती ने बताया कि विवाह से जुड़े सभी कानूनी दस्तावेज उपलब्ध हैं. इसके बावजूद उन्हें अपने मायके पक्ष से लगातार धमकियां मिल रही हैं. बताते चलें कि खुशबू कुमारी स्वयं गृह रक्षा वाहिनी की सिपाही हैं और उनका मुख्यालय आरक्षी केंद्र जमुई में है. युवती ने कहा कि वर्तमान हालात में उन्हें और उनके ससुराल वालों को किसी भी समय नुकसान पहुंचाया जा सकता है. युवती की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है. पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने पीड़िता को सुरक्षा का आश्वासन दिया है और मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये हैं. वहीं पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच में जुट गयी है और संभावित खतरे के आकलन के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है.