चकाई. रेफरल अस्पताल चकाई में बुधवार को परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत 20 महिलाओं का बंध्याकरण ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन डॉक्टर सह प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गायत्री कुमारी ने किया. इस संबंध में रेफरल अस्पताल के प्रबंधक नवनीत कुमार ने बताया कि बंध्याकरण कराने के लिए करीब 70 महिलाएं अस्पताल पहुंची थीं, लेकिन बेड की कमी और एकमात्र डॉक्टर उपलब्ध रहने के कारण 20 महिलाओं का ही ऑपरेशन किया जा सका. उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के बाद सभी महिलाओं को बेड पर शिफ्ट कर दिया गया है और गुरुवार सुबह 10 बजे तक उन्हें छुट्टी दे दी जायेगी. अस्पताल प्रबंधक ने बताया कि बंध्याकरण ऑपरेशन का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा, इसलिए लाभुकों को परेशान होने की जरूरत नहीं है. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बंध्याकरण करा चुकी महिलाओं को सरकार की ओर से निर्धारित दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि जल्द ही उपलब्ध करा दी जायेगी.