बिहार के 14 जिलों में आज चलेगी लू, फिर अगले 6 दिनों तक चलेगा आंधी-बारिश का दौर, IMD की एडवाइजरी जारी

Bihar Rain Alert: बिहार में आज दो तरह का मौसम बना हुआ रहेगा. मौसम विभाग की ओर से 14 जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है. जबकि उत्तर और मध्य बिहार के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है.

By Preeti Dayal | June 24, 2026 7:22 AM

Bihar Rain Alert: बिहार में अगले 24 घंटे के बाद मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है. आज मौसम विभाग की ओर से 14 जिलों बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, पटना, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और गयाजी में हीट वेव जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना है.

इन जिलों में मौसम बिगड़े रहने की संभावना

इसके साथ ही उत्तर और मध्य बिहार के कई जिलों पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सारण, सीवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जिले में बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा, बदल गरजने और बिजली चमकने का भी पूर्वानुमान है.

कब से बदलेगा बिहार में मौसम?

मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि बिहार में अगले 24 घंटे में मौसम करवट ले सकता है. इसके बाद अगले 6 दिनों तक आंधी बारिश का दौर जारी रह सकता है. 25 जून को राज्य में डबल अलर्ट जारी किया गया है. कुछ जिलों में येलो जबकि कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके बाद 30 जून तक इसी तरह से आंधी बारिश का दौर उत्तर बिहार, सीमांचल और कोसी इलाके में जारी रह सकता है.

तापमान में कितनी होगी गिरावट?

मौसम विभाग की ओर से बिगड़े मौसम में लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है. खासकर किसानों को इस दौरान खुले में काम नहीं करने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने यह भी पूर्वानुमान जताया है कि अगले कुछ दिनों में लगातार बारिश के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज हो सकती है.

पटना में मौसम का हाल

राजधानी पटना और इसके आस-पास के इलाकों में उमस भरी गर्मी के बाद बुधवार देर रात करीब 12 बजे झमाझम बारिश हुई. तेज हवाओं के साथ करीब 20 मिनट तक हुई इस मूसलाधार बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया. कई दिनों से लोग भीषण गर्मी से परेशान थे.

Also Read: भरत तिवारी के गांव पहुंचे पूर्व रॉ अधिकारी लकी बिष्ट, बोले- सच्चाई सामने लाने के लिए हो निष्पक्ष जांच