Hajipur School Timing News: (कैफ अहमद) वैशाली में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बार फिर सरकारी और निजी स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया है. जून महीने में यह तीसरी बार है जब जिला प्रशासन को बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूलों की समय-सारिणी बदलनी पड़ी है.
ताजा आदेश के अनुसार 29 और 30 जून 2026 को कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालय (प्री-स्कूल सहित) तथा आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे. वहीं कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई सुबह 10:30 बजे तक ही होगी. इसके बाद सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक रहेगी.

ऐसे बदलता गया स्कूलों का समय
16 जून 2026 का आदेश (17–20 जून तक प्रभावी)
कक्षा 5 तक के सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी बंद, कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई केवल सुबह 10:30 बजे तक
21 जून 2026 का आदेश (22–27 जून तक प्रभावी) गर्मी कम नहीं होने पर वही व्यवस्था 27 जून तक बढ़ा दी गई, कक्षा 5 तक बंद, कक्षा 6 से 12 तक 10:30 बजे तक कक्षाएं
27 जून 2026 का नया आदेश (29–30 जून तक प्रभावी) हालात और गंभीर होने पर बंदी का दायरा बढ़ाकर कक्षा 8 तक कर दिया गया, अब केवल कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई सुबह 10:30 बजे तक होगा.

मौसम विभाग ने बढ़ाई चिंता
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना द्वारा जारी नवीनतम तापमान विश्लेषण में वैशाली उन जिलों में शामिल है जहां अगले दिनों में अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहने की संभावना जताई गई है. प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में गर्मी का असर सबसे अधिक रहने का अनुमान है.
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चे दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और विद्यालयों के नए समय का पालन करें. स्कूल प्रबंधन को भी आदेशानुसार शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन करने का निर्देश दिया गया है.
कुल मिलाकर, जून महीने में बढ़ती गर्मी के कारण वैशाली में स्कूलों के समय में तीन बार बदलाव करना पड़ा है. अब सबकी नजर मौसम पर है कि तापमान में राहत कब मिलती है.
