Hajipur News: बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए अब उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर लगाने या किसी बिचौलिये का सहारा लेने की आवश्यकता नहीं होगी. जिला प्रशासन ने सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली गुल होने, कम या ज्यादा वोल्टेज, बिजली बिल में गड़बड़ी, स्मार्ट मीटर, ट्रांसफॉर्मर खराब होने, टूटे हुए बिजली के तार या अन्य किसी भी विद्युत समस्या के लिए सीधे टोल-फ्री हेल्पलाइन 1912 पर शिकायत दर्ज कराएं.
24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी सेवा
जिला प्रशासन के अनुसार 1912 हेल्पलाइन पूरी तरह निःशुल्क है और यह सेवा 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन (24×7) उपलब्ध रहेगी. उपभोक्ता किसी भी समय अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
शिकायत दर्ज होते ही मिलेगा Complaint ID
1912 पर शिकायत दर्ज करने के बाद शिकायत तुरंत ऑनलाइन पंजीकृत की जाती है. इसके बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल नंबर पर Complaint ID भेजी जाती है, जिससे उपभोक्ता अपनी शिकायत की स्थिति भी जान सकते हैं.
जेई और तकनीकी टीम करेगी त्वरित कार्रवाई
शिकायत दर्ज होने के बाद उसे संबंधित जूनियर इंजीनियर (JE) और तकनीकी टीम के पास भेज दिया जाता है. विभाग का प्रयास रहेगा कि शिकायत का जल्द से जल्द समाधान किया जाए. समस्या का निस्तारण होने के बाद इसकी सूचना भी उपभोक्ता को उपलब्ध कराई जाएगी.
लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि यदि शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारी या कर्मचारी फोन नहीं उठाते हैं या लापरवाही बरतते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बिचौलियों से बचें, केवल आधिकारिक हेल्पलाइन का करें उपयोग
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिजली से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए किसी बिचौलिये के बजाय केवल विभाग की आधिकारिक टोल-फ्री हेल्पलाइन 1912 का ही उपयोग करें.
किन समस्याओं के लिए कर सकते हैं शिकायत?
- बिजली गुल होने पर.
- कम या ज्यादा वोल्टेज की समस्या.
- बिजली बिल संबंधी शिकायत.
- स्मार्ट मीटर की गड़बड़ी.
- ट्रांसफॉर्मर खराब होने पर.
- टूटे या लटके बिजली के तार.
- अन्य सभी विद्युत संबंधी समस्याएं.
Also Read: बिहार में होगा 6000 करोड़ रुपये का निवेश, लगेंगी 29 फैक्ट्रियां, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
