gopalganj news : गोपालगंज. मौसम का मिजाज ज्येष्ठ के महीने में बदला हुआ है. ज्येष्ठ में भादो जैसे तेज हवा के साथ झूमकर बदरा बरसे. सोमवार की दोपहर एक-दो बजे 63.4 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा के साथ 1.10 घंटे तक जमकर बारिश हुई. इस दौरान 49 एमएम बारिश रिकॉर्ड दर्ज किया गया.
तेज हवा व बारिश के कारण शहर की बिजली एहतियातन काट दी गयी. तेज हवा के कारण सैकड़ों पोल व पेड़ ध्वस्त हो गये, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गयी. शहर में पेड़ों के गिरने से देर रात तक बिजली बाधित रही, जबकि गांवों में अंधेरा छाया रहा और लोगों को मोमबत्ती जलाकर काम करना पड़ा. ग्रामीण इलाकों में अगले 24 से 49 घंटे तक आपूर्ति बहाल होने के आसार हैं. उधर, आंधी-पानी के कारण पूरा शहर पानी-पानी हो गया. कलेक्ट्रेट से लेकर सदर अस्पताल, शिक्षा विभाग और रजिस्ट्री कचहरी परिसर में पानी जमा हो गया.नाले का बदबूदार पानी सड़कों पर बहने से हालात नारकीय हो गये. ड्रेनेज सिस्टम और नालों की सफाई नहीं होने से स्थिति और बिगड़ी. नगर परिषद के दावों की पोल खुलकर सामने आ गयी. शहर की प्रमुख सड़कें झील जैसी दिखने लगीं और नाले का पानी सड़क पर धार बनकर बहने लगा. सदर अस्पताल, शिक्षा विभाग, आंबेडकर चौक से बंजारी रोड, जादोपुर चौक से मौनिया चौक, थाना चौक से हजियापुर रोड तक जलजमाव की स्थिति बनी रही.
बारिश में डूबीं शहर की प्रमुख सड़कें
– जनता सिनेमा रोड में मंदिर के सामने से शिक्षा विभाग तक
– बंजारी से काली स्थान रोड में सिंह मेडिकल तक– मिंज स्टेडियम रोड से काली स्थान रोड तक
– जादोपुर रोड में डीडीसी के आवास से चौराहे तक– जादोपुर चौक से लखपतियां मोड़ तक नाला बनी सड़क
– सरेया वार्ड नं एक में हाइवे से मोहल्ले तक- पुरानी चौक से थाना रोड तक सड़क पर नाले का पानी बहा– बस स्टैंड से राजेंद्र नगर जाने वाली सड़क डूबी रही