Hathua Junction Train Stop : गोपालगंज के हथुआ जंक्शन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव और दिल्ली, मुंबई तथा कोलकाता जैसे महानगरों के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग को लेकर मीरगंज में आंदोलन तेज हो गया है. मीरगंज नागरिक अधिकार मंच के बैनर तले सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा.
धरने की रणनीति को लेकर हुई अहम बैठक
धरना शुरू होने से पहले मीरगंज स्थित औघड़ दानी शिव मंदिर के सभागार में नागरिक अधिकार मंच की बैठक आयोजित की गई. बैठक में आंदोलन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. मंच के सदस्यों ने धरने को शांतिपूर्ण और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया.
हथुआ जंक्शन पर ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि हथुआ जंक्शन क्षेत्र का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, लेकिन यहां लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी होती है. दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे महानगरों की यात्रा के लिए यात्रियों को दूसरे स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत उठानी पड़ती है.
क्या हैं आंदोलन की प्रमुख मांगें?
हथुआ जंक्शन पर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों का नियमित ठहराव सुनिश्चित किया जाए.
मीरगंज और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसी प्रमुख महानगरों तक सीधी ट्रेन सेवा शुरू की जाए.
क्षेत्रीय विकास की लड़ाई बताया आंदोलन
बैठक में मीरगंज नागरिक अधिकार मंच के संयोजक राजेश कुमार गुप्ता, नगर परिषद के उपसभापति धनंजय यादव, दिवाकर मिश्रा, रवि केसरी, मिथलेश तिवारी, विंध्याचल प्रसाद, महेंद्र सोनी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूरे मीरगंज और आसपास के क्षेत्र के विकास से जुड़ा मुद्दा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक रेलवे प्रशासन और सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक सोमवार से शुरू होने वाला अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा.
Also Read : गोपालगंज में अब इस आधार पर होगा टीचरों का ट्रांसफर, जिला शिक्षा विभाग ने तय किया मानक
