Gopalganj News : (मनीष राज) गोपालगंज सदर अस्पताल प्रशासन ने अस्पताल परिसर में अनुशासन बनाए रखने के लिए आशा कार्यकर्ताओं और आशा फैसिलिटेटर के प्रवेश को लेकर सख्त आदेश जारी किया है। नए निर्देश के अनुसार बिना निर्धारित ड्रेस कोड और वैध पहचान पत्र के किसी भी आशा कार्यकर्ता को अस्पताल परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। हालांकि आदेश लागू होने के बाद भी ओपीडी में कई आशा कार्यकर्ता बिना ड्रेस कोड के पहुंचती नजर आईं.
बिना ड्रेस और आईडी के प्रवेश पर सख्ती
सदर अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी आशा कार्यकर्ताओं और आशा फैसिलिटेटर को अस्पताल में प्रवेश के समय निर्धारित ड्रेस कोड और वैध आईडी कार्ड अनिवार्य रूप से साथ रखना होगा। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
व्यवस्था प्रभावित होने पर लिया गया फैसला
प्रशासन के अनुसार हाल के दिनों में कई आशा कार्यकर्ता बिना ड्रेस कोड और पहचान पत्र के अस्पताल परिसर में प्रवेश कर रही थीं। इसके अलावा कुछ लोग बिना किसी आधिकारिक कार्य के अस्पताल में बैठकर अनावश्यक भीड़ बढ़ा रहे थे, जिससे अस्पताल की व्यवस्था और कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही थी.
केवल सरकारी कार्य के लिए मिलेगी अनुमति
जारी आदेश में कहा गया है कि केवल सरकारी कार्य, मरीज की सहायता या विभागीय जिम्मेदारी के तहत ही अस्पताल परिसर में उपस्थिति की अनुमति होगी। बिना किसी कार्य के परिसर में बैठना, भीड़ लगाना या अस्पताल के कार्य में बाधा उत्पन्न करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों की सूचना संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और जिला स्वास्थ्य समिति को भेजी जाएगी.
आदेश के बाद भी ओपीडी में नहीं दिखा असर
अस्पताल प्रशासन की सख्ती के बावजूद सदर अस्पताल के ओपीडी में कई आशा कार्यकर्ता बिना निर्धारित ड्रेस कोड के पहुंचती देखी गईं। इससे जारी आदेश के प्रभावी पालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
अस्पताल प्रबंधक ने दी कार्रवाई की चेतावनी
सदर अस्पताल के प्रबंधक जान महमद ने कहा कि अस्पताल में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से यह आदेश जारी किया गया है। सभी आशा कार्यकर्ताओं को ड्रेस कोड और आईडी कार्ड के साथ ही अस्पताल में प्रवेश करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
