Gopalganj News: गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिव्यांग मजदूर की मौत हो गई. गोपालगंज–मीरगंज एनएच-531 पर मुकेरी टोला गांव के समीप सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंफर ने साइकिल सवार मजदूर को कुचल दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंफर साइकिल को करीब एक किलोमीटर तक घसीटता रहा, जिससे मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
मृतक की पहचान, मजदूरी पर जा रहे थे मनोज यादव
मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के नवका टोला भेड़िया निवासी 40 वर्षीय मनोज यादव के रूप में हुई है. वह दिव्यांग थे और रोज की तरह शनिवार सुबह साइकिल से मजदूरी करने के लिए बेदू टोला जा रहे थे. इसी दौरान सड़क पार करते समय गोपालगंज की ओर से गिट्टी लादकर आ रहे डंफर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-531 पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की. इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन भी किया गया.
चार घंटे तक ठप रहा एनएच-531
ग्रामीणों के प्रदर्शन के कारण करीब चार घंटे तक एनएच-531 पूरी तरह जाम रहा. मुकेरी टोला से लेकर थावे बस पड़ाव और दूसरी ओर बाइपास तक वाहनों की लंबी कतार लग गई. भारी वाहनों सहित सैकड़ों यात्री जाम में फंसे रहे, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.
अधिकारियों ने समझाइश के बाद खुलवाया जाम
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीओ अनिल कुमार, सीओ कुमारी रूपम शर्मा, नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा. काफी देर तक ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच बातचीत चली. लंबी मान-मनौवल के बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कराया गया.
पुलिस ने डंफर किया जब्त, जांच शुरू
जाम हटने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंफर को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंफर काफी तेज गति से चल रहा था. टक्कर के बाद साइकिल डंफर में फंस गई और वाहन करीब एक किलोमीटर तक उसे घसीटता रहा. इस भयावह हादसे में मनोज यादव की मौके पर ही मौत हो गई.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मनोज यादव अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं. उनकी पत्नी भी दिव्यांग हैं. मजदूरी करके ही वह पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी असमय मौत के बाद परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है.
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
- मृतक के परिजनों को तत्काल सरकारी मुआवजा दिया जाए.
- दुर्घटना के जिम्मेदार डंफर चालक पर सख्त कार्रवाई हो.
- एनएच-531 पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए.
- दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा उपाय और ट्रैफिक निगरानी बढ़ाई जाए.
Also Read: बिहार में होगा 6000 करोड़ रुपये का निवेश, लगेंगी 29 फैक्ट्रियां, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
